खाई में लुढ़की कार, एक ही परिवार के 4 घायल

संजीव कुमार। गोहर

गोहर पण्डोह सड़क मार्ग पर मंगलवार दोपहर बाद करीब 3 बजे एक कार के बरसाट (बागा) के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से पति पत्नी और दो बच्चे घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चेतराम परिवार सहित अपने ससुराल शिवाबदार जा रहा था। घायल परिवार को स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस के माध्यम से नागरिक चिकित्सालय गोहर उपचार के लिए भर्ती कर दिया है।

घायलों की पहचान 33 वर्षीय चेतराम पुत्र हेमराज, पत्नी 23 वर्षीय प्रियंका, बेटे 6 वर्षीय विकास और 4 वर्षीय मोहित शामिल है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर दिया है और छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चेतराम अपने परिवार को लेकर शिबाबदार जा रहा था।

इस दौरान बरसाट के पास कार सड़क में कीचड़ होने से फिसल गई और कार खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों को घटना का पता चलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल परिवार को सड़क मार्ग पहुंचाया। लोगों ने 108 एम्बुलेंस बुलाई और घायल परिवार को नागरिक चिकित्सालय गोहर भर्ती कर दिया।