भाभी ने देवर पर लगाया मारपीट व छेड़खानी का आराेप

उमेश भारद्वाज। मंडी

जिला मंडी के तहत महिलाओं के प्रति हिंसा के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामले में मंडी जिला के तहत एक भाभी द्वारा अपने देवर पर छेड़खानी और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। मामले में मंडी जिला पुलिस के महिला थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 341,354-ए, 323, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 37 वर्षीय पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि बीते रोज सुबह के समय जब वे जंगल जा रही थी, तो उसके देवर ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

इस पर महिला द्वारा उसके देवर से पीछा करने का कारण पूछा गया। इस पर महिला के देवर ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी। महिला ने अपने ब्यान में जाहिर किया है कि आरोपी के कृत्य का विरोध करने पर उसके द्वारा उसे डंडे और घूंसों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वहीं, आरोपी द्वारा महिला को जान से मारने की भी धमकी दी।

महिला द्वारा आरोपी के खिलाफ महिला थाने में मामला दर्ज करवा दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि महिला के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।