प्रशासन के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन तर्कहीन : धनेश्वरी ठाकुर

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। कुल्लू

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा है कि जिला प्रशासन के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन तर्कहीन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक को एक कुशल महिला अधिकारी से उलझना शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि डीसी को जिला परिषद में कोरम पूरा न होने पर तिथि निर्धारित करने का विशेष अधिकार है। वह यहां प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के धरने के खिलाफ बोल रही थी। जिला परिषद कुल्लू अध्यक्ष उपाध्यक्ष के चुनाव में कोरम पूरा न होने के कारण प्रशासन द्वारा 11 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई, जिस पर कांग्रेस में आक्रोश आ गया और धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस के विधायक और नेताओं ने धरना प्रदर्शन किया और प्रदर्शन को भाजपा ने गलत ठहराया है।

  • प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा विधायक का अधिकारियों के साथ उलझना ठीक नहीं
  • उपायुक्त के पास तिथि निर्धारित करने का विशेष अधिकार

धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि डीसी कुल्लू काविल अधिकारी है उनके खिलाफ नारेबाजी की कड़े शब्दों में हम निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने जो किया, वह कितना उचित था इसे जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा कि पहले शपथ ली गई और उसके बाद चार फरवरी को जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव होने थे, लेकिन इस दौरान कोई भी सदस्य मौजूद नहीं हुआ और कोरम पूरा न होने के कारण इसकी तिथि छह फरवरी की गई थी।

इस दौरान भी कोरम पूरा नहीं हुआ तथा जो सात सदस्य मौजूद थे, उन्हें पूछकर ही उपायुक्त ने 11 फरवरी की तिथि निर्धारित की, लेकिन कांग्रेस के विधायक और नेताओं द्वारा इस निर्णय को गलत ठहराना जाना कितना उचित है। उन्होंने कहा कि एक महिला अधिकारी का रास्ता रोकना व उनके खिलाफ नारेबाजी दूर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मैं महिला होने के नाते इसका विरोध करती हूंं और हर महिला इसका विरोध करेगी।