दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में नाइट कर्फ्यू के बाद हिमाचल सरकार करेगी एचआरटीसी की बसों के टाइम टेबल में बदलाव

उज्जवल हिमाचल । शिमला

पडोसी राज्यों में कोरोना के बढ रहे मामलों और नाइट कर्फ्यू के बाद हिमाचल सरकार बाहरी राज्यों को जाने वाली एचआरटीसी की बसों की समयसारिणी बदलने की तैयारी कर रही है।  दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में नाइट कर्फ्यू लग गया है, इसके चलते बसों की आवाजाही के समय में बदलाव का निर्णय लिया जाना है। सरकार ने निगम अधिकारियों से इस बारे में प्लान तैयार करने को कहा है। इन राज्यों में रात्रि 10 बजे से कर्फ्यू लगेगा। परिवहन निगम को इससे पहले ही इन राज्यों के बस अड्डों तक अपनी बसें पहुंचानी होंगी। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने बताया कि दिल्ली, पंजाब में नाइट कर्फ्यू लगने से बस रूटों की समयसारिणी में बदलाव हो सकता है। परिवहन निगम के अधिकारियों को इसका प्लान तैयार करने के ल्रिए कहा है।

कैबिनेट बैठक में इस मामले पर चर्चा हो सकती है। अधिकारियों का मानना है कि एसओपी के तहत बाहरी राज्यों के रूटों पर बसें भेजी जानी हैं। हिमाचल से दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए ढाई सौ से अधिक रूटों पर बसें चलती हैं। दिल्ली में निगम की दर्जनों बसें रात को पहुंचती हैं, जबकि कई रात को दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू-मनाली पहुंचती हैं। कर्फ्यू लगने से रूट प्रभावित हो रहे हैं।