कृषि मंत्री के साथ लगभग 30 महिला किसानों का सीधा संवाद

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग के कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर में क्षेत्र की महिला किसान सुनीता देवी के साथ केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री के साथ सीधा संवाद किया गया। इसमें जिला मंडी की लगभग 30 महिला किसानों ने भाग लिया। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इस कार्यक्रम का वर्चुअल आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भारत सरकार पुरूषोतम नराला बतौर मुख्यतिथि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में देेेशभर से चुनिंदा सफल महिला किसानों को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री के समक्ष उनके अनुभव सांझा करने का अवसर प्राप्त हुआ।

देश के मात्र पांच सफल महिला किसानों में से मंडी जिला से कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा नामित महिला किसान सुनिता देवी ने अपने खेती के मॉडल के अनुभव को सांझा किया। वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री ने काफी सराहना की और अपने संबोधन में उन्होंने अन्य महिला किसानों को भी इस प्रकार के मॉडल अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर केंद्र के अन्य वैज्ञानिक डॉ.कविता शर्मा, डॉ. डीएस यादव, डॉ. एलके शर्मा एवं डॉ. शिवानी ठाकुर भी उपस्थित रहे।

सफल महिला किसान सुनिता देवी सुंंदरनगर विकास खंड के भरजवाणु गांव की निवासी है। इनके पास बहुत ही कम जमीन है, जिसमें वह सब्जियों की पौध उत्पादन का कार्य करती हैं। उनके मॉडल की खास बात यह है कि सीमित जमीन होने के बावजूद वह सब्जियों की पौध को घर की छत पर भी उगाती हैं, जिससे लगभग 50 से 60 हजार रूपए की सालाना आमदनी होती है। इसके अतिरिक्त लगभग 2 बीघा जमीन पर सब्जियों की खेती करती है, जो सुनीता द्वारा लीज पर ले रखी है। इससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी होती है।