पठानकोट में ग्रेनेड ब्‍लास्‍ट के बाद हिमाचल में भी अलर्ट, पंजाब से सटे सीमावर्ती क्षेत्र सील

उज्जवल हिमाचल। इंदौरा

पठानकोट सैन्य क्षेत्र त्रिवेणी गेट पर रविवार देर रात हुए ग्रेनेड ब्‍लास्‍ट के बाद पंजाब समेत हिमाचल में भी अलर्ट जारी हो गया है। पंजाब से सटे हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्र को सील कर दिया गया है। जिला कांगड़ा में पुलिस अलर्ट पर है। इसके अलावा चंबा जिला के तुनुहट्टी सहित डलहौजी क्षेत्र में भी पुलिस चौकन्‍नी हो गई है। पठानकोट से चंबा और कांगड़ा जिला की सीमाएं लगती हैं। कांगड़ा जिला का काफी बड़ा भू भाग पठानकोट से सटा हुआ है।

ग्रेनेड ब्‍लास्‍ट के बाद से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि ग्रेनेड किसने फेंका है, लेकिन बताया जा रहा है कि देर रात दो अज्ञात बाइक सवारों ने ग्रेनेड फेंका था। ग्रेनेड फेंकने के बाद वे लोग वहां से भाग गए। ये हमलावर किस ओर भागे हैं इसको लेकर अभी तक किसी को पता नहीं चल पाया है। पठानकोट पुलिस सेना के साथ मिलकर क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

पठानकोट के सबसे नजदीक क्षेत्र हिमाचल प्रदेश का जिला कांगड़ा ही है। इसको देखते हुए अब कांगड़ा पुलिस ने भी बार्डर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डाक्‍टर खुशहाल शर्मा ने बताया कि इसको लेकर अभी सूचना मिली है। कांगड़ा में बार्डर एरिया में पिछले चार पांच दिनों से ही सख्ती बढ़ा दी थी, लेकिन आज सुबह बार्डर एरिया व बैरियरों में अतिरिक्त पुलिस बल भेजने को कह दिया है। कोई भी वाहन बिना पूर्ण जांच के कांगड़ा व हिमाचल में प्रवेश नहीं कर पाएगा।

पुलिस ने इंदौरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत काठगढ़ सहित अन्‍य एंट्री प्‍वाइंट पर नाके लगाकर वाहनों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इसके अलावा डमटाल थाना व ढांगू पुलिस चौकी की टीमें भी चौकस हो गई हैं। कंडवाल बैरियर पर पुलिस पहरा बढ़ा दिया गया है।