पर्यटन संसाधनों का उचित दोहन करने में नाकाम रही जयराम सरकार: सुधीर शर्मा

आशीष शर्मा। धर्मशाला

आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि धर्मशाला की जनता ने जो प्यार दिया है, वो बरकरार है तथा आगामी चुनाव में वह धर्मशाला से ही चुनाव में उतरेंगे। पर्यटन राज्य हिमाचल पर सुधीर ने कहा कि पर्यटन का सही रूप से दोहन हिमाचल में नहीं हो पाया है। प्रदेश की भाजपा सरकार पर्यटन संसाधनों का उचित दोहन नहीं कर पाई है।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल ने हमें वर्क फ्रॉम होम सिखा दिया है, ऐसे में आईटी क्षेत्र में भी रोजगार के असीम अवसर हैं तथा उस दिशा में भी काम किया जा सकता है। सुधीर ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि विकास की बात कहने वाले भाजपा नेता पिछले 4 साल के कार्यकाल की 4 उपलब्धियां प्रदेश के लिए बता दें।

सुधीर ने उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कहा कि जनता में सरकार के प्रति आक्रोश था, बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद महंगाई आसमान छू रही है और इस महंगाई में आम जन पिस रहा है। सुधीर ने कहा कि उपचुनाव की तरह वर्ष 2022 के चुनाव में भी कांग्रेस जीत दर्ज करेगी तथा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।