भाजपा विधायक शुभेंदु की बढ़ेगी मुसीबत:पूर्व मृतक सुरक्षा गार्ड की पत्नी ने दर्ज कराया केस

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी की मुश्किल बढ़ सकती है। भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ उनके पूर्व सुरक्षा गार्ड की पत्नी ने शुक्रवार को कोंटाई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है, जिनकी आत्महत्या से मौत हो गई थी। बता दें कि यह मामला 2018 का है, जब शुभेंदु अधिकारी के सिक्योरिटी गार्ड ने आत्महत्या कर ली थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सुब्रता चक्रवर्ती नामक सुरक्षा गार्ड ने अपने किराए के घर कांथी में 13 अक्टूबर 2018 को अपने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली थी। गोली लगने के दो दिन बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई थी। उस वक्त शुभेंदु अधिकारी टीएमसी में थे और ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर भी थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी पर अपने पूर्व सुरक्षा गार्ड को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शुभेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हो गए थे और अभी वह सदन में नेता प्रतिपक्ष हैं।