वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई पशुशाला, लाखों का नुकसान

एमसी शर्मा। नादौन

विकासखंड नादौन के जिलाडी़ क्षेत्र के रियोडी़ गांव में वर्षा के कारण एक पशुशाला क्षतिग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी बक्शी राम की इस पशुशाला का एक भाग जोर की आवाज के साथ धराशाई हो गया। जिसके कारण बाकी बचे भाग में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई है। परिजन रितु ने बताया कि दोपहर के समय जोर की आवाज के साथ पशुशाला क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के समय पशु बाहर बांधे गए थे अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था। इस संबंध में तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि हल्का पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान का जायजा ले लिया गया है तथा उसे नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र भेजने के आदेश दिए गए हैं।