अनुराग ठाकुर का दावा: उप-चुनाव में जीत का चौका लगाएगी बीजेपी

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा मंडल कांगड़ा की ओर से गांधी जयंती पर गगल में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में संसदीय क्षेत्र मंडी और तीन विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। भाजपा को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याण कारी नीतियों पर विश्वास है। जनता उनकी नीतियों को स्वीकारते हुए उपचुनाव में बढ़त दिलाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने जा रहे तीन विधानसभा उपचुनाव तथा संसदीय सीट मंडी पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा द्वारा चारों सीटें जीतकर चुनाव में जीत का चौका लगाना निश्चित है।

इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से बनाए जा रहे फोरलेन को लेकर अनुराग का ध्‍यान गगल बाजार को बचाने के लिए दिलाया गया। अनुराग ने कहा कि यह केंद्र सरकार की प्रक्रिया है, सभी का हित देखते हुए ही योजनाएं एवं प्लान बनाए जाते हैं। जनता के हितों के साथ बिल्कुल भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

उधर भारतीय भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ कांगड़ा मंडल के प्रधान तथा व्यापार मंडल गगल के प्रधान देवेंद्र कोहली ने बताया स्वच्छता अभियान में अनुराग ठाकुर सहित सभी भाजपा से जुड़े लोगों ने गगल बाजार में सफाई की। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, प्रदेश सचिव वरिंदर चौधरी,जिला अध्यक्ष चन्द्र भूषण नाग, जिला पदाधिकारी, उत्तम चौधरी, मंडल अध्यक्ष सत प्रकाश सोनी, मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ता और महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा चौधरी, महिला प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पवना चौधरी, जिला महामंत्री व मंडल महामंत्री नीतू दमीर, बीडीसी अध्यक्षा बबिता सिंधू, जिला स्वस्थ संयोजक व मंडल प्रषिक्षण संयोजक ठाकुर हलिन्द्र गिरीराज, जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य करतार बलारू, हिन्द वीर कोहली, देविंद्र कोहली और आईटी संयोजक जीवन ज्योति कोहली उपस्थित रहे।