टांडा अस्पताल में साढ़े सात घंटे चले ASI का ऑपरेशन, नहीं निकली गोली, हालत नाजुक

ASI's operation lasted for seven and a half hours in Tanda Hospital, no bullet fired, condition critical
टांडा मेडिकल कॉलेज, कांगड़ा

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

पीटीसी डरोह में गोली चलने में घायल एएसआई किशन चंद टांडा अस्‍पताल के आइसीयू में भर्ती हैं।
पीटीसी डरोह में रविवार को प्रशिक्षण के दौरान गोली चलने में घायल एएसआई की हालत नाजुक है। साढ़े सात घंटे ऑपरेशन चलने के बाद भी घायल एएसआई के शरीर से गोली नहीं निकल सकी है और हालत नाजुक बनी हुई है। ऑपरेशन के दौरान 12 यूनिट रक्त चढ़ाना पड़ा, अब गंभीर हालत में आइसीयू में भर्ती किया गया है। टांडा अस्पताल में उपचाराधीन एएसआई किशन चंद की हालत गंभीर बनी हुई है। किशन चंद इस वक्त डॉक्टरों की निगरानी में है।

बताया जा रहा है कि रविवार रात को जब किशन को टांडा लाया गया तो उसकी गंभीर हालत थी और काफी रक्त बहने के कारण किशन चंद को पीजीआइ भी रेफर नहीं किया जा सका। गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कालेज के डॉक्टरों ने ही इसका ऑपरेशन करने का फैसला लिया। रात को नौ बजे शुरू हुआ आपरेशन सुबह के साढ़े चार बजे तक चला। इस दौरान एएसपी दिनेश कुमार व अन्य अधिकारी टांडा मेडिकल कॉलेज में ही मौजूद रहे।

ऑपरेशन के दौरान अंदर आए घावों को तो डॉक्टरों ने ठीक कर दिया पर किशन चंद के अंदर गई गोली को निकालने में कामयाब नहीं हो पाए। किशन चंद की हालत को देखते हुए रात को ही ऑपरेशन के बाद आइसीयू में शिफ्ट कर दिया है। ऑपरेशन के दौरान किशन चंद को करीब 12 यूनिट रक्त की आवश्यकता पड़ी। हिमाचल प्रदेश के पुलिस जवानों व कांगड़ा सेवियर्स ग्रुप की ओर से यह रक्त की आपूर्ति की गई। कांगड़ा सेवियर्स ग्रुप के कई सदस्य भी टांडा अस्पताल में मौजूद रहे। इस गोली से किशन के हृदय को भी नुकसान पहुंचा है। ऑपरेशन के दौरान हृदय में आए घावों को डाक्टरों ने ठीक करने का प्रयास किया है।

डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान ने कहा कि किशन चंद डॉक्टरों की निगरानी में हैं। यह कहना मुश्किल है कि उसकी हालत कैसी है, पर डॉक्टरों के प्रयास जारी हैं। उन्होंने माना है कि गोली नहीं निकली है, लेकिन उसकी हालत स्थिर है।