अटल टनल रोहतांग के छोर पर हिमस्‍खलन, पर्यटकों की आवाजाही के लिए एडवायजरी जारी

अटल टनल रोहतांग के छोर पर हिमस्‍खलन
rohtang tunnel avalanche

उज्जवल हिमाचल। मनाली

अटल टनल रोहतांग के छोर पर धुंधी के पास हिमस्‍खलन हुआ है। हिमस्खलन होने के कारण मनाली-केलंग मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। गनीमत रही है हिमस्खलन होने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन मार्ग बंद हो गया है। बीआरओ ने सड़क साफ करने का कार्य शुरू कर दिया है। गत दिनों हुए भारी हिमपात के कारण लाहुल घाटी में जगह-जगह हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। डीजीआरई ने भी हिमस्खलन की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने भी आज यलो अलर्ट जारी कर हिमापत की आशंका जताई है। मनाली व लाहुल घाटी में सुबह से बादल छाए हुए हैं लेकिन घाटी में अभी हिमपात नहीं हो रहा है तथा वाहनों की आवाजाही सुचारू है।

लेकिन पहाड़ों पर बर्फ गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। तांदी-किलाड़ तथा केलंग-सिस्सू सड़क यातायात के लिए बहाल है। प्रशासन ने एडवायजरी जारी कर स्थानीय लोगों को फोर व्हील ड्राइव वाहनों सहित टाटा सूमो जंजीरों के साथ ही सफर करने की सलाह दी है। पर्यटक भी फोर व्हील ड्राइव वाहनों में ही आ जा सकते हैं। बीआरओ योजक परियोजना के चीफ इंजीनियर जितेंद्र प्रसाद ने बताया अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में हिमस्खलन होने से मनाली.केलंग मार्ग अवरुद्ध हुआ है। उन्होंने बताया सड़क बहाली शुरू हो गई है। कुछ ही घंटों में सड़क बहाल कर ली जाएगी। उन्होंने कहा लाहुल घाटी में ट्रैफ‍िक सुचारू करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।