प्लास्टिक बैग फ्री दिवस पर चलाया जागरूकता अभियान

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड धर्मशाला के सौजन्नय से कांगड़ा के नगर परिषद कार्यालय में शनिवार को प्लास्टिक बैग फ्री दिवस पर सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को होने नुक्सान के बारे में जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता वरुण गुप्ता ने सिंगल प्लास्टिक यूज से पर्यावरण को होने वाले नुक्सान पर विस्तार से चर्चा करते हुए बैठक में मौजूद नगर परिषद के पदाधिकारियों तथा दुकानदारों को जागरूक किया। इस जागरूकता अभियान के दौरान विभिन्न नगर परिषदों कांगड़ा, बैजनाथ, ज्वालामुखी, देहरा, नगरोटा बंगवा, शाहपुर, नुरपूर तथा पालमपुर निगम के पदाधिकारियो व पार्षदों सहित शहर के व्यापारी मौजूद थे।

वरुण गुप्ता ने कहा कि प्लास्टिक को सड़ने अथवा खत्म होने में 100 से 500 साल लगते हैं। इसलिए प्लास्टिक को खुले स्थानों या नदी नालों में फैंकने की बजाय घर पर ही इसका सदुपयोग किया जा सकता है। सिंगल यूज प्लास्टिक जिसमें दूध,चिप्स के खाली पैक्ट, पार्टी कप, प्लास्टिक रैपर, स्ट्रा तथा पैकिंग प्लास्टिक को ठोस पैक करके ईंटे तैयार की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक जलाना स्वास्थ्य के बेहद खतरनाक साबित होता है, जो कि समाज के लिये अच्छा नही है। उन्होंने बैठक में उपस्थित व्यापारियों को जूट बैग और पेपर बैग के इस्तेमाल के लिये प्रेरित किया। उन्होंने व्यापारियों को आगाह करते हुए कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथीन की अवैध बिक्री करने वालो का चालान करने के लिए नगर परिषद सहित सभी विभाग अधिकृत है।

प्रतिबंधित पॉलीथीन की बिक्री करने वालो पर वजन की दर से 500 से 25 हजार तक के जुर्माने का प्रावधान है। खुले में अथवा नालों में कुड़ा फैंकने पर एक हजार से पांच हजार तक चालान किया जा सकता है। उन्होंने लोगों को घर के कुड़े को घर में गड्डा खोद कर खाद बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कांगड़ा नगर परिषद अध्यक्षा रेणू शर्मा, उपाध्यक्ष राज कुमारी, ईओ चमन कपूर, अशोक शर्मा, प्रेम सागर, सौरभ चौधरी, नरेन्द्र त्रेहण, रमेश महेशी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।