चेतावनीः पूरे महाराष्ट्र में हाे सकता है लॉकडाउन : उद्धव ठाकरे

उज्जवल हिमाचल। मुंबई

राज्य सरकार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि राज्य सरकार को लॉकडाउन जैसे कठोर उपायों को लागू करने के लिए मजबूर नहीं करें। बता दें कि महाराष्ट्र के नागपुर, अकोला और औरंगाबाद सहित कई क्षेत्राें में लॉकडाउन लागू है। अगर कोरोना के मामले ऐसे ही बढ़ते रहे और लापरवाहियां सामने आती रहीं, तो उद्धव सरकार महाराष्ट्र के अन्य जगहों पर भी लॉकडाउन का ऐलान कर सकती है।

महाराष्ट्र में एक बार फिर से कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। इससे देश में एक बार फिर से कोरोना संकट गहराता जा रहा है। महाराष्ट्र में कल एक दिन में करीब 16 हजार नए कोरोना मामले सामने आए, जिससे हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। इस बीच, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार ने लॉकडाउन को लेकर आखिरी चेतावनी दी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोविड-19 दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इनमें सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। महाराष्ट्र और केरल के साथ ही अब पंजाब, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी मामले बढ़ने लगे हैं। महाराष्ट्र में तो 16 हजार के करीब नए मामले मिले हैं। महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस के 15,602 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे मामलों की संख्या बढ़कर 22,97,793 पर पहुंच गई, जबकि इस महामारी से 88 और मरीजों की मौत से यहां कुल मौत का आंकड़ा 52,811 हो गया है।

महाराष्ट्र में एक बार फिर से कोरोना वायरस लॉकडाउन लौट आया है। फिलहाल, नागपुर, अकोला और परभनी में लॉकडाउन है। वहीं, औरंगाबाद में वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। इसके अलावा पुणे में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। अमरावती, नासिक, ठाणे, औरंगाबाद समेत कई जिलों में स्‍कूल बंद हैं। साथ ही इन जिलों में सख्‍त पाबंदियां लगाई गई हैं। मुंबई में मास्‍क नहीं पहनने वालों पर सख्‍ती बढ़ाई गई है।

पंजाब में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच कई जगहों पर नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। लुधियाना, पटियाला, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब सहित आठ जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। यह कर्फ्यू रात 11 बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। राज्य में एक बार फिर स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है। 13 मार्च से ये आदेश लागू होगा।