3 दिन खराब रहेगा मौसम, यलो अलर्ट जारी

21 से 23 तक पांच जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में तीन दिन तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। विभाग ने 21 से 23 फरवरी के लिए प्रदेश के पांच जिलों में बारिश और ओलावृष्टि होने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा भी चलेगी। 21 व 22 फरवरी को कांगड़ा, कुल्लू व मंडी में, जबकि 23 फरवरी को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी जिला सहित शिमला व सोलन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 21 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और इसके 25 फरवरी तक सक्रिय रहने की संभावना है।

21 को प्रदेश के ऊंचे व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना है और निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। 22 फरवरी को अधिक बर्फबारी व बारिश की संभावना है। प्रदेश में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। प्रदेश में सबसे कम तापमान केलंग में -6.6 डिग्री और सबसे अधिक तापमान ऊना में 27.8 डिग्री दर्ज किया गया है।