तरसूह ब्रिज पर पोलिटिक्स तेज, काजल ने सरकार कोसी, तो बराड़ ने दिया तीखा जवाब

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

बोदड़ बल्ला-तरसूह रेलवे ओवरब्रिज पर सियासत तेज हो गई है। सदर कांगड़ा विधायक पवन काजल ने कहा था कि प्रदेश सरकार और पीडब्ल्यूडी की लचर कार्यप्रणाली के चलते इस पुल के निर्माण में देरी हो रही है। इस पर जिला परिषद कांगड़ा के चेयरमैन रमेश सिंह बराड़ ने तीखा कटाक्ष किया है। बराड़ ने कहा कि पवन काजल करीब नौ साल से कांगड़ा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

  • जिला परिषद चेयरमैन बोले, ओवरब्रिज के लिए नौ साल कम नहीं होते

क्या नौ साल एक पुल के लिए कम होते हैं। इस बार भाजपा की सरकार है, लेकिन पिछली सरकार तो कांग्रेस की थी,तब उन्होंने क्या किया। अब वह इस पुल के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप लगाने के बजाय विधायक को बताना चाहिए कि आखिर क्यों जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है।

  • काजल ने कहा था तरसूह रेलवे ओवरब्रिज सरकार ने किया लेट, बराड़ का सवाल, आप क्या करते रहे

अब बरसात सिर पर है,तो इन इलाकों के लोग संकटभरा जीवन व्यतीत करते हैं। अब तक यह रेलवे ओवरब्रिज बन जाना चाहिए था। दूसरी ओर बराड़ ने कोरोना काल में विधायक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब कोरोना की दूसरी लहर में जनता संकट में थी,तब विधायक कहीं नहीं दिखे। अब लहर शांत हो रही है,तो वह मास्क-सेनेटाइजर लेकर निकले हैं। बेहतर होता कि वह समय पर जनता की मदद करते।