केसीसीबी के निदेशक मंडल चुनाव में आत्मप्रकाश होंगे भाजपा के प्रत्याशी

कांगड़ा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक मंडल के चुनावों में मंडल भाजपा ने पूर्व निदेशक ठाकुर आत्मप्रकाश को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। आत्म प्रकाश ने आज कांगड़ा बैंक के निदेशक मंडल के चुनाव हेतु बतौर प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।नादौन में नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, मण्डल भाजपा अध्यक्ष ठाकुर हरदयाल सिंह, बीडीसी चेयरमैन विनोद पठानिया, कांगड़ा भूमि बैंक लिमिटेड के कमल नयन, मण्डल महामंत्री पवन शर्मा, रजिंदर ठाकुर, एक्स सर्विस मेन के संयोजक अजय ठाकुर, आईटी सह-मीडिया प्रभारी निशांत शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, संजीव राणा, कुलवंत सिंह, केशव गोस्वामी, देवराज कुलदीप, मुकेश, अवनीश जंबाल, ध्रुव सिंह, भवानी सिंह, गौतम शर्मा, राजीव कुमार, अक्षय शर्मा, एससी मोर्चे के अध्यक्ष प्रकाश चंद, महिला मोर्चे की अध्यक्ष कमलेश कुमारी, अजित ठाकुर, राजेश कुमार, अजमेल वर्मा, सुरेंद्र छिंदा, राज कुमार सौंधी, विजय अतुल और हंसराज सहित मंडल और जिला कार्यकारिणी के भारी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुये निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि ठाकुर आत्म प्रकाश पहले भी कांगड़ा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं और उनके सहकारिता के क्षेत्र में कार्य करने के इस अनुभव का पार्टी को आने वाले समय में लाभ मिलेगा। भाजपा की मंडल इकाई के अध्यक्ष ठाकुर हरदयाल सिंह ने स्पष्ट किया कि ठाकुर आत्मप्रकाश को इन चुनावों में भाजपा ने अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। हालांकि इन चुनावों को दलगत पार्टी आधार पर नहीँ लड़ा जाता है फिर भी भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि पार्टी द्वारा अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ कोई भी अन्य पार्टी पदाधिकारी इस चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा न ले। याद रहे, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री के कट्टर समर्थकों में शुमार ठाकुर आत्म प्रकाश पूर्व में नादौन बीडीसी के चेयरमैन रह चुके हैं। इनकी गिनती नादौन कांग्रेस के बड़े नेताओं होती थी, लेकिन पिछले विस चुनावों के समय आत्मप्रकाश का सुखविंदर सिंह सुक्खु से छत्तीस का आंकड़ा बन गया। उसके बाद ठाकुर आत्मप्रकाश ने कॉंग्रेस को छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया था।मौजूदा राजनैतिक परिप्रेक्ष्य में ठाकुर आत्मप्रकाश को स्थानीय विधायक सुखविंदर सिंह का मुखर विरोधी माना जाता है।पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाने पर ठाकुर आत्मप्रकाश ने निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा बैंक के निदेशक मंडल में भाजपा का वर्चस्व स्थापित कर पार्टी को सहकारिता सहित नादौन विस क्षेत्र में भी मजबूत करना ही अब उनका एकमात्र लक्ष्य है।