BJP का 42वां स्थापना दिवस: राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरी रखकर काम कर रही सरकार: पीएम मोदी

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को संबोधित कर रहे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत- बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है।

आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि भी है, आज के दिन हम सभी मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं। हम सबने देखा है कि मां स्कंदमाता कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल का फूल थामें रहती हैं।’पीएम मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरी रखकर सरकार काम कर रही है। सरकारी मशीनरी का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे इसके लिए सरकार प्रयासरत है।’ खासकर BJP कार्यकर्ताओं से पीए मोदी ने कहा देश के संकल्पों के साथ जुड़े रहना है।

आगे उन्होंने कहा, ‘तीन दशकों के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है। वैश्विक दृष्टिकोण से देखें या राष्ट्रीय दृष्टिकोण से देखें भाजपा का दायित्व, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है।इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचारबीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।

इससे पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यक्रम में कहा, आज भाजपा का 42वां स्थापना दिवस है। ये हम सबके लिए बहुत खुशी का अवसर है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बताए रास्ते पर चलने के लिए शक्ति और ताकत दे। ताकि हम समाज में जो परिवर्तन लाते हुए, देश को मजबूती की ओर ले जा रहे हैं, उसमें हमें ताकत मिले और उसे हम सही ढंग से पूरा कर सकें।पार्टी महासचिव अरुण सिंह के अनुसार पार्टी सात अप्रैल से 20 अप्रैल तक देश भर में सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाएंगे। सिंह ने कहा कि 14 अप्रैल को बीआर आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में अभियान के दौरान भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।