पूर्व विधायक के साथ भाजपा नेताओं द्वारा मारपीट करना निंदनीय : प्रेम कौशल

उज्जवल हिमाचल। सुलह

सुलह विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस पार्टी के बरिष्ठ नेता जगजीवन पाल के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि यह घटनाक्रम भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की अलोकतांत्रिक एवं हिंसक मानसिकता को परिलक्षित करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों और तानाशाही से तंग आ चुकी है और विपक्षी दल के नाते कांग्रेस पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से यह अपेक्षा कर रही है कि वह उनकी आवाज़ को बुलंद करें, परन्तु भाजपाई गुंडागर्दी करके जनता की आवाज को दबाने का काम कर रहे हैं।

प्रदेश के कृषि मंत्री को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उनके अपने ही क्षेत्र की जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा। मंडी क्षेत्र की एक जनसभा में सार्वजनिक तौर पर भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री और जल शक्ति मंत्री के ऊपर ज़ुबानी प्रहार किए, वन मंत्री ने अपनी ही पार्टी के दिवंगत सांसद के प्रति सार्वजनिक मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

यह तमाम घटनाक्रम यही आभास देते हैं कि प्रदेश की जनता में भाजपा सरकार की लोकप्रियता शून्य हो चुकी है तथा इसी झुंझलाहट में भाजपाई आपा खोते जा रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने जगजीवन पाल के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की मारपीट की घटना के लिए मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष तथा भाजपा अध्यक्ष से सार्वजनिक क्षमा याचना करने के सा- साथ ऐसे गुंडा तत्वों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई करने की मांग की।