नगर निगम चुनाव से पहले धर्मशाला में एकजुटता का पाठ

प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पार्टी प्रभारियों और वार्ड के प्रमुखों के साथ की बैठक

उज्जवल हिमाचल धर्मशाला

नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। जिसके मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने वीरवार को सर्किट हाउस मे नगर निगम धर्मशाला के चुनावों को लेकर पार्टी के प्रभारियों और वार्ड के प्रमुखों के साथ बैठक की। इस बैठक में कांगड़ा जिला एवं धर्मशाला मंडल के सभी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस बैठक में सबसे पहले धर्मशाला के विधायक विशाल नेहरिया ने प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद भाजपा के महामंत्री व कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक कपूर ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के धर्मशाला आगमन पर और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए उनका धन्यवाद किया। त्रिलोक कपूर ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आने वाले धर्मशाला नगर निगम के चुनावों में पूरी ताकत से पार्टी के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जी जान से जुडऩे के लिए आग्रह किया।

त्रिलोक कपूर ने कार्यकर्ताओं से किया पूरी ताकत झोंकने का आह्वान

त्रिलोक कपूर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को पंचायत व जिला परिषद के चुनावों में बहुत सफलता मिली है जिसका श्रेय सभी कार्यकर्ताओं को जाता है और उन्होंने विश्वास जताया कि जिस क्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भारी विजय दिलाई है उसी क्रम में आगामी धर्मशाला नगर निगम के चुनावों में भी पार्टी 17 वार्डों में अपना परचम लहराएगी। त्रिलोक कपूर ने कहा कि पिछले चुनावों में हुई कुछ भूल व त्रुटियों को सुधारा जाएगा। सुरेश कश्यप ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा तय किए किए गए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए वह तैयार रहें। सुरेश कश्यप ने वार्ड के प्रभारियों व वार्ड के प्रमुखों के साथ गहन विचार विमर्श करते हुए सभी से उनकी राय ली।

कार्यकर्ताओं ने आवेदन सौंपे

इस बैठक में धर्मशाला नगर निगम के चुनाव लडऩे के इच्छुक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने अपने आवेदन पार्टी अध्यक्ष को सौंपे। सुरेश कश्यप ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी जिसे भी मैदान में उतारे सभी कार्यकर्ता उसके साथ मिलकर काम करेंगे। सुरेश कश्यप ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और उन से आह्वान किया कि आने वाले नगर निगम चुनावों के बाद धर्मशाला में पार्टी के मेयर और डिप्टी मेयर होंगे और उसके बाद 2022 मैं भी पार्टी यहां से विजय हासिल करेगी। सुरेश कश्यप ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को आम जनमानस तक पहुंचाएं ।

ये गणमान्य रहे मौजूद

बैठक में भाजपा के प्रदेश सचिव विशाल चौहान, जिला परिषद के अध्यक्ष रमेश बराड़, जिला अध्यक्ष चंद्र भूषण नाग, महामंत्रीसचिन शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ,जिला मीडिया प्रभारी नारायण ठाकुर ,मंडल अध्यक्ष अनिल चौधरी आदि पदाधिकारी मौजूद थे।