भाजपा ने प्रदेश में कोरोना को पहुंचाया शिखर पर : आश्रय शर्मा

उमेश भारद्वाज। मंडी
कोरोना महामारी को लेकर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा प्रदेश सरकार को फटकार लगाने पर कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे आश्रय शर्मा ने इसे एक चिंतनीय विषय करार दिया है। आश्रय शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी को लेकर प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा संज्ञान लेने से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया में हिमाचल प्रदेश को कोरोना केपिटल बनाने के लिए कहा था। आश्रय ने कहा कि प्रदेश में कोरोना के बिगड़ चुके हालात के चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा अपनी बात को सच करने के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा ने प्रदेश को कोरोना संक्रमण के फैलाव को लेकर असलियत में ही शिखर पर पहुंचा दिया है।
सरकार के फैंसलों पर भी उठाए गंभीर सवाल
आश्रय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार आए दिन नए फैसले ले रही है। जिनमें सरकार द्वारा लगाया गए नाईट कर्फ्यू से यातायात पर बुरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में टूरिज्म का कार्य करने वाले पहले से ही कोरोना काल की वजह से प्रभावित हैं, उस पर अब और मुसीबत के बादल मंडरा रहे है। प्रदेश सरकार को जल्द-से-जल्द ये सोचने की जरूरत है की जो लोग कोरोना से पीड़ित है, उनका अच्छे से इलाज करवाया जाए।
आश्रय ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आए दिन विपक्ष पर कोरोना काल में राजनीति करने के आरोप लगाते हैं। लेकिन प्रदेश सरकार अपने विचारों और अपने काम में सफल नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अब जब न्यायालय ने ही कोरोना संक्रमण को लेकर सरकार की विफलता को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष होने के नाते कांग्रेस पार्टी का हिमाचल प्रदेश की चिंताजनक स्थिति को जनता के सामने लाना फर्ज बनता है।