नगर निकाय चुनाव में हार से बौखलाई भाजपा : छाजटा

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। शिमला

जिला शिमला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह नगर निकाय चुनावों की हार से बौखला गई है। उन्होंने कहा है कि भाजपा कांग्रेस समर्थित जीते हुए लोगों को अपने पक्ष में करने का पूरा दवाब बना रही है। कई तरह के प्रलोभन दिए जा रहे हैं, यहां तक कि उन्हें डराने का भी पूरा प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों को संबाेधित करते हुए छाजटा ने कहा कि शिमला जिला की कुल आठ नगर निकायों में कांग्रेस ने अपनी जीत का परचम लहराया है। भाजपा का जीत का दावा झूठा है। उन्होंने कहा कि यहां भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है।

छाजटा ने शिमला जिला में कांग्रेस की जीत का पूरा ब्याेरा देते हुए बताया कि रामपुर नगर परिषद की कुल 9 सीटों में से कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत हासिल की है, यहां भाजपा को केवल 2 सीटें ही मिली। इसी तरह ठियोग नगर परिषद में कुल 7 में से कांग्रेस को 4 पर जीत हासिल हुई भाजपा को यहां करारी हार का सामना करना पड़ा है। उसे यहां एक भी सीट नही मिली। 2 सीटों निर्दलियों ने जीत हासिल की है।

नगर परिषद रोहड़ू में 7 सीटों में से 6 कांग्रेस को 1 भाजपा को मिली है। नगर पंचायत नारकंडा में 4 पर कांग्रेस 1 पर भाजपा और 2 पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की है। सुन्नी में 5 पर कांग्रेस 2 पर भाजपा ने जीत हासिल की। चौपाल में 4 पर कांग्रेस 3 पर भाजपा, कोटखाई में 3 पर कांग्रेस 3 पर ही भाजपा और 1 पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है। जुब्बल में कांग्रेस को 2 पर ही जीत हासिल हुई है।

छाजटा ने कहा कि भाजपा का यहां जीत का दावा पूरी तरह झूठा और गुमराह करने वाला है। उन्होंने कहा कि जोड़-तोड़ की राजनीति में माहिर भाजपा निर्दलीयों को अपना बता कर लोकतंत्र की मर्यादाओं को तोड़ने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों से अब प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के साथ-साथ जिला परिषद व बीडीसी चुनावों में कांग्रेस की जीत का परचम जारी रहेगा और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ जीत कर अपनी सरकार बनाएगी।

छाजटा ने इस शानदार जीत का श्रय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व को देते हुए कहा कि गत दो वर्षों से जिस मेहनत व सभी को साथ राठौर काम कर रहें है, उससे कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह जागा है। उन्होंने इस जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त भी किया। पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस सचिव सुशांत कपरेट, जिला कांग्रेस महासचिव रूपेश कवंर, राजेश वर्मा व रोहड़ू ब्लॉक अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला भी मौजूद रहे।