भाजपा की नीति क्षेत्रवाद की नीति : दीपक शर्मा

एसके शर्मा। हमीरपुर

प्रदेश कांग्रेस ने ध्वाला के कथित माफ़ी नामा पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा का यह सब अपना डेमज़ कंट्रोल करने की एक राजनीतिक चाल है। कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा में अंतर्कलह अब सब के सामने आ गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा ने आज जारी प्रैस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा की नीति पहले से ही क्षेत्रबाद की रही है।कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कार्यप्रणाली पर अंसतोष जता दिया है।

उन्होंने कहा कि ध्वाला के बयान से साफ है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह से संघ के दबाव में हैं और कठपुतली बन कर काम कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से राजीव विंदल का इस्तीफा भी दबाव की राजनीति का ही एक हिस्सा है। उनका कहना है कि इस समय प्रदेश भाजपा दो नही तीन चार गुटों में बंटती नज़र आ रही है। प्रदेश भाजपा के अंदर जो अंतर्कलह की चिंगारी कांगड़ा, ज्वालामुखी से सुलग गई है। वह जल्द ही एक बड़ी ज्वाला बनने वाली है।

सत्ता संघर्ष चरम पर है। दीपक शर्मा ने कहा है कि प्रदेश भाजपा के भीतर क्या पक्क रहा है, उससे कांग्रेस को कुछ लेना देना नहीं, लेकिन इसका कोई कुप्रभाव लोगों पर पड़ता है, तो कांग्रेस खामोश नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में भाजपा पर अपनी पूरी नज़र रखे हुए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम सरकार स्वछ प्रशासन देने में नाकाम और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में पूरी तरह असफ़ल साबित हुई है। दीपक शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार पर भाजपा का चेहरा बेनकाब हो चुका है।