ब्लैक फंगस का शिकार बने हमीरपुर के युवक का प्रशासन व स्वयं सेवकों ने किया अंतिम संस्कार

एमसी शर्मा। नादौन

उपमंडल नादौन में ब्लैक फंगस का प्रथम मामला सामने आया है, जिसे मिलाकर शुक्रवार को करोना संक्रमण के कारण 2 लोगों की मौत हुई है। नादौन शहर के साथ सटी कोहला पंचायत में औद्योगिक क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय युवक की शिमला में ब्लैक फंगस के कारण दुखद मृत्यु हो गई। शुक्रवार को कोविड-नियमों के तहत पंचायत क्षेत्र में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दो विवाहित बहनों के इकलौते भाई की मृत्यु के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ गिरा है। बेहद निर्धन परिवार में अब कमाने वाला कोई नहीं बचा है।

उसके बाद अब परिवार में दो छोटे बच्चे एक बेटा, बेटी, पत्नी और वृद्ध मां है। पता चला है कि मृतक युवक सहित उसके परिजन कुछ समय पूर्व संक्रमित पाए गए थे। करीब 2 सप्ताह पूर्व युवक और उसकी माता की तबीयत खराब होने के पर दोनों हमीरपुर अस्पताल में भर्ती थे, परंतु कुछ समय बाद युवक की वृद्धि माता ठीक हो कर घर आ गई थी, वहीं युवक का उपचार चल रहा था। गत बुधवार को तबीयत अधिक खराब होने पर युवक को शिमला रेफर कर दिया गया था, जहां वीरवार रात उसकी मौत हो गई। शिमला में ही युवक के शरीर में ब्लैक फंगस संक्रमण की पुष्टि हुई थी।

शुक्रवार सुबह जैसे ही नादौन में यह सूचना मिली, क्षेत्र भर में दहशत का माहौल बन गया है। शुक्रवार दोपहर के समय युवक की पार्थिव देह कोहला उसके पैतृक गांव पहुंची। घर में संस्कार करने के लिए कोई नहीं था इसलिए पंचायत के आग्रह पर प्रशासन ने स्वयं सेवकों की एक टीम इस कार्य के लिए भेजी। टीम के सदस्यों परविंदर कटोच, अरुण भारद्वाज, मनोज कुमार, मनुज शर्मा तथा संजय ठाकुर ने मृतक का अंतिम संस्कार पंचायत के सहयोग से करवाया। वहीं दूसरा मामला नादौन के मनसाई गांव का है जहां 55 वर्षीय व्यक्ति की नेरचैक में वीरवार देर रात मृत्यु हो गई। मृतक काफी समय तक हमीरपुर में उपचाराधीन रहे जहां तबीयत खराब होने पर करीब 1 सप्ताह पूर्व उन्हें नेरचैक रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को मनसाई पंचायत में किया गया। एसडीएम विजय धीमान ने बताया कि दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कोविड-नियमों के तहत करवा दिया गया है।