धर्मशाला में सितारे: सैफ अली, अर्जुन कपूर, जैकलीन, यामी गौतम ने निहारी वादियां

करीना कपूर ने बेटे तैमूर संग सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, जैकलीन फर्नांडिस और यामी गौतम इस समय धर्माशाला में हैं। ये सभी फिल्म भूत पुलिस की शूटिंग में व्यस्त हैं। हाल ही में दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए पूरी टीम ने फैन्स के लिए वीडियो बनाया। बता दें कि करीना कपूर खान, तैमूर अली खान, मलाइका अरोड़ा सभी धर्मशाला में हैं। दिवाली इस बार सभी ने मिलकर हिमाचल प्रदेश में सेलिब्रेट की है। हाल ही में करीना ने एक बूमेरैंग वीडियो शेयर किया था, जिसमें सैफ, करीना और तैमूर बोनफायर के पास बैठे नजर आ रहे थे। वहीं, मलाइका ने भी दिवाली पार्टी से कई फोटोज शेयर की थीं। सभी कलाकार पिछले दो दिन से पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज सहित आसपास के क्षेत्र की हसीन वादियों को निहार रहे हैं। शनिवार को मैक्लोडगंज की सडक़ों पर सैफ अली खान और करीना कपूर खान अपने बेटे तैमूर के साथ घूमते हुए नजर आए। इसके अलावा अन्य स्टार कलाकारों ने भी पर्यटन नगरी की हसीन वादियों को निहारा।

यामी गौतम-जैकलीन फर्नांडीज ने कुनाल पत्थरी मंदिर में टेका माथा

बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडीज ने जिला मुख्यालय के साथ लगते प्रसिद्ध कुनाल पत्थरी मंदिर में माथा टेका। उन्होंने मंदिर में करीब आधा घंटे तक समय बिताया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में तस्वीरें भी खींचीं। माता कुनाल पत्थरी मंदिर कमेटी के प्रधान जितेंद्र कुमार ने मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें माता की चुनरी देकर सम्मानित किया। कुनाल पत्थरी मंदिर पहुंची अभिनेत्रियों ने जहां पूरे मंदिर परिसर की परिक्रमा की, वहीं मंदिर में फोटो भी खींचें। अभिनेत्री यामी गौतम ने माता कुनाल पत्थरी मंदिर से सनसेट के समय सेल्फी ली। जिसे उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है। इसके साथ उन्होंने मंदिर की एक फोटो को भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है।