बंदूक के हक को लेकर भाई ने भाई पर दगी गोली, एक की मौत

वारदात के दौरान मृतक की पत्नी घायल, टांडा में चल रहा इलाज

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

गगल के नजदीक लगते गांव केटलू में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी पर गोली दाग दी। इस वारदात में व्यक्ति की मौत हो गई व महिला टांडा में उपचाराधीन है। गगल पुलिस थाना के अनुसार यह वारदात रात को पेश आई है। पवन कुमार चौधरी पुत्र पाला राम निबासी गाव केटलु ने अपने बड़े भाई 58 वर्षीय रूमी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। भाभी पुष्पा देवी गोली के छर्रे लगने से घायल है। गगल पुलिस थाना के प्रभारी मेहर दीन ने बताया उपरोक्त दोनों सगे भाइयों में अकसर झगड़ा होता रहता था। बीती रात भी आरोपि पवन कुमार अपने भाई रूमी के घर आया और किसी बात को लेकर गाली गलौज करने लगा। दोनों में पिता द्वारा ली गई बंदूक को लेकर खूब बहस हुई। पिता की मृत्यु के बाद उपरोक्त बंदूक रूमी कुमार के नाम पर है। आरोपी ने कहा पिता की बंदूक पर उसका भी हक है। काफी बहस के बाद वो उनके घर से चला गया। थोड़ी देर बाद चुपके से बंदूक को घर से उठाकर ले गया। रात को जब उसका भाई रूमी व उसकी पत्नी पुष्पा लघु शंका के लिए बाहर आये थे और आंगन में चले थे तो पवन कुमार ने उसी बंदूक से आंगन में खड़े होकर उन पर फायर कर दिया।

जिस पर उपरोक्त दोनों को घायल अवस्था में टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने रूमी कुमार को मृत घोषित कर दिया व उसकी पत्नी को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर लिया गया है, जिसकी अभी हालत स्थिर है।