बस अड्डों और कार्यशालाओं का किया जाएगा व्यापक स्तर पर सुधार : विजय अग्निहोत्री

एमसी शर्मा। नादौन

हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के बस अड्डों और कार्यशालाओं का व्यापक स्तर पर सुधार करने के लिए प्रदेश सरकार साढ़े दस करोड़ की धनराशि खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि ‘स्मार्ट सिटी योजना’ के अंतर्गत धर्मशाला और शिमला के ढली एवं लक्कड़ बाज़ार स्थित बस अड्डों में क्षेत्रीय कार्यशालाओं का निर्माण भी किया जाएगा। निगम उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि परिवहन निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित पड़े छह करोड़ रुपए चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का अगले कुछ दिनों में निपटारा कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निगम में विभिन्न श्रेणियों के 890 पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए मार्ग प्रशस्त होंगे। विजय अग्निहोत्री ने परिवहन निगम के बेड़े में 200 नई बसें जोड़ने की बात करते हुए कहा जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरानी बसों को बदलकर इनके स्थान पर नई बसों को चलाया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि पेंशनरों और नियमित कर्मचारियों के वित्तीय लाभों जैसे ग्रेच्युटी, लीव इन कैशमेंट व ओवरटाइम आदि का भी चरणबद्ध तरीके से भुगतान कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निगम में सुधार कार्यों के लिए प्रदेश सरकार से नियमित बजट के अलावा 259 करोड़ रुपए की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। निगम उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार परिवहन निगम की मासिक सहायता में भी वृद्धि करने जा रही है, जिससे निगम की आर्थिकी मजबूत होगी। उन्होंने जानकारी दी कि परिवहन निगम ने लोगों की सुविधा के लिए वर्ष 2019-20 में 50 इलेक्ट्रिक वैन के अतिरिक्त 50 इलेक्ट्रिक बसें भी खरीदीं।

इसका पर्यावरण सुरक्षा के साथ ही साथ प्रदेश की जनता को भी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में प्रदेश सरकार बसों में टिकट हेतु कैशलेस ट्रांजेक्शन करने, बस समयसारिणी ऑनलाइन दर्शाने और जीपीएस की सहायता से वाहनों का सही स्थान पता करने जैसी सुविधाओं शुरू करने जा रही है। इससे बसों में यात्रा करना और भी सुगम होगा।