BREAKING : खाई में गिरी कार, विधायक सहित सात लाेग घायल

उज्जवल हिमाचल। बंजार

हिमाचल प्रदेश में जिला कुल्‍लू के बंजार में एक सड़क हादसे में भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी घायल हो गए हैं। हादसे में विधायक सहित सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्‍पताल में उपचाराधीन किया गया है। बताया जा रहा है विधायक व अन्‍य घायलों की हालत खतरे से बाहर है। बंजार उपमंडल में बाहू के पास यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है वाहन सड़क से करीब डेढ़ सौ फीट नीचे जा गिरा है। इस वाहन में बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी सहित सात लोग सवार थे, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

यह भी पढ़े : अध्यापक संघ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार में उपचार के लिए भर्ती कर दिया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी बालू पांजो क्षेत्र में देवता के पास माथा टेकने गए हुए थे और इस दौरान वापसी में अचानक वाहन सड़क से अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। बताया जा रहा है कि विधायक पैदल ही देवी देवताओं के दर्शन करने पहुंचे थे व वापसी में वह किसी के वाहन में आ रहे थे। इस दौरान यह हादसा पेश आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार के डाक्टर के अनुसार सभी की हालत सामान्य है।

अभी स्वास्थ्य जांच लगातार जारी है। उनके अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं। कार सड़क से अनियंत्रित होकर काफी नीचे लुढ़क गई है, इस कारण इसमें सवार लोगों को अंदरूनी चोटें हो सकती हैं। फ‍िलहाल बंजार अस्‍पताल में उपचार दिया जा रहा है व कोई आशंका होने पर विधायक समेत अन्‍य घायलों को बड़े अस्‍पताल में रेफर किया जा सकता है। घायलों में बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, संजो ठाकुर, सौम्या ठाकुर, महंत, रीता, पलक व लीला देवी इस वाहन में सवार थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने में जुट गई है।