बढ़ती कीमताें पर केंद्र व प्रदेश सरकार का काेई नियंत्रण नहीं : संघ

रवि ठाकुर। हमीरपुर

भारतीय मजदूर संघ ने उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महंगाई के विरोध में ज्ञापन सौंपा है। संघ के जिलाध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कहा कि देश व प्रदेश में जिस तरह प्रतिदिन डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भी जहां लगातार बढ़ाेतरी हो रही है। तेल व दालों के दाम भी आसमान छू रहे हैं, उन्हें नियंत्रण करने के लिए न तो केंद्र सरकार और न ही प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है।

सरकार इसके ऊपर चिंतन मंथन नहीं करती है, तो भारतीय मजदूर संघ जल्द ही अगला कदम उठाने को मजबूर होगा। महंगाई में आम जनमानस पीस रहा है, लेकिन सरकार इस तरफ बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है। भारतीय मजूदर संघ मजूदरों के लिए बना है। मजदूरों की हर समस्याओं को सरकार के समकक्ष रखता है, लेकिन सरकारें इसके ऊपर गंभीर नहीं है। प्रदेश में आज सेबों का मूल्य गिर रहा है, लेकिन सरकार इसमें गंभीर नहीं है।

यही नहीं किसानों को अनाज का सही दाम नहीं मिल रहा है, ऐसे में किसान भी खासे परेशान हैं। यही नहीं सरकार ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दे रही है। आज सता में बैठे लोग भी उस समय झंडा लेकर चलते थे कि ठेकेदारी प्रथा बंद करो, लेकिन आज पूरे खंड स्तर से लेकर राज्य सभा से लेकर केंद्र तक ठेकेदारी प्रथा को ही बढ़ावा दे रहे हैं, भारतीय मजदूर संघ ठेकेदारी प्रथा का भी कड़ा विरोध करती है।