चंबा की 35 किसान महिलाएं सीखेंगी कृषि की आधुनिक तकनीक की बारीकियां

शैलेश शर्मा। चंबा

चंबा की किसान महिलाएं प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर कृषि के अलग-अलग तौर तरीके व बारीकियां सीखेंगी। उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने वीरवार को जिला की महिला किसानों के एक दल को हरी झंडी दिखाकर अन्य जिलों में अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना किया।

इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि कृषि विभाग की ओर से आयोजित इस अध्ययन भ्रमण के दौरान 11 से 13 नवंबर तक यह महिला किसान समूह प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर कृषि संबंधित नई तकनीक की जानकारी प्राप्त करेंगी। इस महिला समूह में किसान उत्पादक संघ, शिव शक्ति उत्पादक सहकारी सभा सलूणी के सदस्यों सहित विकास खंड मैहला, तीसा व सलूणी की 35 महिला किसान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि महिला किसानों का यह समूह सबसे पहले जिला कांगड़ा में मंडी समिति का भ्रमण कर समिति की कार्यप्रणाली का अध्ययन और समिति की ओर से किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी हासिल करेंगे।

कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती व सब्जी उत्पादन की नई तकनीक के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत किसान प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में कृषि विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ किसानों के लिए किसान प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।

सभी किसान कृषि विज्ञान केंद्र बजौरा, सब्जी अनुसंधान केंद्र, कटराईं व लाहुल आलू समिति मनाली व मणिकर्ण में नजदीकी सफल किसानों के खेतों का भ्रमण करेंगे तथा वहां पर सब्जी उत्पादन के साथ साथ उनकी प्रसंस्करण व पैकिंग के संबंध में जानकारी भी प्राप्त करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि किसान प्रशिक्षण भ्रमण का मुख्य उद्देश्य सब्जियों की अच्छी गुणवत्ता, प्रसंस्करण व अच्छी तरह पैकिग करके प्रदेश स्तर व प्रदेश के हर की मंडियों में अच्छे दाम प्राप्त करना है। विभाग के इस प्रकार के प्रयासों से किसानों को अपनी आय को बढ़ाने के लिए जानकारी प्राप्त होगी और खेतों में जाकर जानकारी प्राप्त करने से किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। महिला किसानों के अध्ययन भ्रमण का मार्गदर्शन कृषि प्रसार अधिकारी डा. दीक्षा ककड़ व डा. तितिक्षा करेंगी। इस मौके पर डा. कुलदीप धीमान, उप कृषि निदेशक चंबा के अलावा कृषि विभाग से डा. गौरी शर्मा, कृषि प्रसार अधिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।