मुख्यमंत्री ने सुंदरनगर में किया सुकेत देवता मेले का शुभारंभ, जलेब पर हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा

उमेश भारद्वाज। मंडी 
शुकदेव ऋषि की तपोस्थली शुकदेव वाटिका देवी-देवताओं के समागम से देवमय हो गई। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यस्तरीय सुकेत देवता मेला का शुभारंभ किया। इस दौरान शुकदेव वाटिका से सुकेत मंच तक भव्य जलेब में देवी-देवताओं संग मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधायक सुंदरनगर राकेश जंवाल और अन्य गणमान्य लोगों ने शोभा बढ़ाई।
प्रदेश में पहली बार हेलीकॉप्टर के माध्यम से जलेब पर पुष्प वर्षा कर देवी-देवताओं का अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मेला स्थल में रिबन काटने के उपरांत ध्वजारोहण से मेले शुरुआत की। वहीं इस अवसर पर सुंदरनगर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा स्वासतिवाचन का भी पाठ किया गया।
बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा पारंपरिक सुकेत देवता मेला को स्तरोन्नत कर राज्यस्तरीय सुकेत देवता मेला किया गया है। इसके उपरांत पहली बार इसे राज्यस्तरीय तौर पर मनाया जा रहा है।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और देव संस्कृति से जुड़ना ही हमारी प्रगति का प्रतीक है। इससे पूर्व सुंदरनगर के देवता मेला को सूक्ष्म रूप से मनाया जाता था। लेकिन इस बार भव्य रूप से राज्यस्तरीय देवता मनाया जा रहा है।
सुकेत देवता मेला के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने जनता कों संबोधित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों की आस्था कम होती जा रही है। परिवर्तन आया है लेकिन इस तरह से आस्था को भूल जाना बहुत गलत और दुर्भाग्यपूर्ण होगा। वहीं उन्होंने कहां की सुंदरनगर  विधानसभा क्षेत्र को विकास की दृष्टि से आगे ले जाने के लिए हर संभव मदद की जाएगी।