15 साल के बाद बनीं नई 412 पंचायतें, नगर निगम भी भाजपा की देन: जयराम

पालमपुर में मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की योजनाएं

उज्जवल हिमाचल। पालमपुर

नगर निगम चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री जयराम ने बुधवार को पालमपुर में जनसभाएं कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 15 सालों के बाद इस सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा नई 412 पंचायतें बनाई गईं हैं जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नए नगर निगमों में पंचायतों के शामिल करने को लेकर लोगों को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि लोगों की सहमति से ही पालमुपर को नगर निगम बनाया गया और इसमें पंचायतों को शामिल किया गया।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस के समय में दो नगर निगम थे जबकि बीजेपी ने एक साथ तीन नए नगर निगम बनाए। कांगड़ा सबसे बड़ा जिला है और धर्मशाला के बाद पालमपुर को नगर निगम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में अन्य नगर निगमों की अपेक्षा विकास की अधिक संभावनाएं हैं,सडक़े चौड़ी हो, पार्किंग लोगों को मिले, सीवरेज की व्यवस्था हो इन सभी दिशा में सरकार काम करना चाहती है।

कोरोना पर जल्दबाजी में निर्णय नहीं

कोरोना के बढ़ते मामलों पर जयराम ने कहा कि सरकार जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। दो-तीन दिन के बाद अगला कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोग सरकार की ओर से जारी एसओपी का पालन करें यह सभी के लिए जरूरी है।