जून में शुरू होगा सीयू के दोनों परिसरों का निर्माण: सीएम जयराम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि करीब 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जून माह में शुरू हो जाएगा। केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला और देहरा परिसरों का निर्माण कार्य एक साथ शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण पर है।

मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की गई अंतर जोनल पुरुष खो-खो प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्यातिथि कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 में केंद्रीय विश्वविद्यालय की अधिसूचना जारी हुई थी और तबसे ही विश्वविद्यालय के निर्माण प्रक्रिया को लेकर प्रोसेस चल रहा था।

हालांकि इसमें काफी देरी हुई, लेकिन आखिरकार अब इसके निर्माण का रास्ता साफ हो चुका है। निर्माण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया सहित अन्य औपचारिकताएं चल रही है। भूमि संबधी मामले में पहले ही राज्य सरकार ने छह करोड़ दे दिए हैं। इन औपचारिकताओं के जल्द पूरा होते ही जून माह में जदरांगल व देहरा में एक साथ काम शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा बने खिलाडि़यों को बधाई देते हुए कहा कि आशा है कि वे इस प्रतियोगिता से वह अच्छी यादों के साथ रवाना होंगे।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला जैसे पर्यटन क्षेत्र में खेलों का आयोजन होना खिलाडि़यों के लिए भी लाभदायक है, जिससे वह पर्यावरण के भी नजदीक पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विश्वविद्यालय को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन छात्रों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अहम रहते हैं।

इससे पहले समारोह के मुख्य संरक्षक एवं हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विवि के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने समापन समारोह में आए अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शाल व हिमाचली टोपी देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही इस मौके पर विवि के न्यूज लैटर का भी विमोचन भी किया।

कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने खिलाडि़यों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में जीत से ज्यादा महत्त्व खेल का हिस्सा बनने का होता है। उधर, कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि कितने वर्ष बीत गए। चिंता होती थी, शर्म आती थी, लेकिन अब समय आ गया है कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।

मुख्यमंत्री व कुलपति को शांता कुमार ने विश्वविद्यालय का काम शुरू करवाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जल्द ही फलता-फूलता नजर आना चाहिए। प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे छात्रों को संबोधित करते हुए शांता कुमार ने कहा कि खेल में हार जीत होती है, उसे सहर्ष स्वीकार कर खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। सभी को अपना जीवन खेल की भावना से ही खेलते हुए जीना चाहिए।