हिमाचल के प्रत्याशी जल्द होंगें तय, आज नई दिल्ली में सहमति बनाएंगे कांग्रेस नेता

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी तय करने के लिए कांग्रेस नेता आज नई दिल्ली में सहमति बनाएंगे। आज दोपहर बाद नई दिल्ली में समन्वय समिति और शाम को स्क्रीनिंग कमेटी मंथन कर केंद्रीय चुनाव समिति को पैनल भेजेगी। केंद्रीय समिति की बैठक दो-तीन दिन में होने की संभावना है। ऐसे में अगले सप्ताह की शुरुआत में प्रत्याशियों की घोषणा होने के आसार हैं। बैठकों में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर व कौल सिंह और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल दिल्ली पहुंच गए हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज नादौन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से बैठक संभावित है। इस बैठक में संभावित प्रत्याशियों के राजनीतिक समीकरणों से उन्हें अवगत करवाया जाएगा। दोपहर को सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल बनाने के लिए गठित समन्वय समिति की बैठक होगी। शाम को पूर्व रेल राज्य मंत्री भक्त चरण दास की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में चार लोकसभा क्षेत्रों और छह विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनाकर पैनल तैयार किए जाएंगे।
8 या 9 अप्रैल तक कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों के नामों का हो जाएगा एलान 
प्रत्याशियों की घोषणा करने की मंजूरी के लिए प्रस्ताव को केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा। इसके बाद चुनाव समिति की होने वाली बैठक में प्रत्याशियों के नाम तय हो जाएंगे। संभावित है कि 8 या 9 अप्रैल तक कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों के नामों का एलान हो जाएगा। उधर, मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के टिकट फाइनल करने के लिए दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेजे जाएंगे। जल्द टिकटों को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी। कांग्रेस के संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सभी सीटों पर प्रत्याशी चयन को लेकर सहमति बन चुकी है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर अंतिम मुहर लगते ही घोषणा कर दी जाएगी।

Please share your thoughts...