सीएम दो सप्ताह के भीतर करेंगे बड़सर क्षेत्र का दौरा : बलदेव शर्मा

एसके शर्मा। हमीरपुर

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जल्द ही दो सप्ताह के भीतर बड़सर विस क्षेत्र का दौरा करेंगे। मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा शिमला सचिवालय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिले तथा बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उन्हें अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने उन्हें 15 दिन के अंदर ही बड़सर विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर जानकारी ली। लंबी चली बातचीत में भाजपा जिलाध्यक्ष ने विस्तार से जानकारी दी।

हमीरपुर ज़िला से संबंधित विकास कार्यों पर भी फीडबैक दिया। इसके साथ ही ज़िला भाजपा के संगठन के बारे में भी चर्चा हुई। बलदेव शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है। लंबित पड़े कार्यों की सूची दी जाए और सभी विभागों को उद्धघाटन एवं शिलान्यासों की रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। क्षेत्र आगमन पर मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं को सुनेंगे तथा नई घोषणाएं भी करेंगे, ताकि विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने बताया कि बड़सर क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर उनकी मुख्यमंत्री से चर्चा हुई तथा जिला संगठन को लेकर भी उनको अवगत करवाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बड़सर क्षेत्र आने का न्यौता दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। तथा 15 दिन के भीतर दौरे का कार्यक्रम तय करने को कहा है। मैंने अधिकारियों को पूर्ण हो चुके कार्यों तथा नए शुरू होने वाले कार्यों की रिपोर्ट देने को कहा है।