उत्तर भारत में कल से ठंड के तेवर तीखे, पहाड़ों पर बर्फबारी

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

हवाओं का रख लगातार उत्तरी और उत्तर-पूर्वी बना रहने से प्रदेश में रात के समय ठंडक बरकरार है। शनिवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल हुआ है। इससे हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी शुरू हो गई है। इसकी मौजूदगी के कारण रविवार को तापमान पर विशेष फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन सोमवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा।

राजघाट और पंजाबी बाग के पास से बिजिविलिटी बेहद कमजोर है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस है। वहीं, भारत मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग क्षेत्राें में आज सुबह मध्यम कोहरा देखा गया।

मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है। इसकी आवृति अधिक होने से उत्तर भारत के पहाड़ों में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। हालांकि इसकी मौजूदगी के बाद भी हवा का पैटर्न बीच-बीच में उत्तरी होने से दिन-रात के तापमान में अपेक्षाकृत बढ़ाेतरी नहीं हो रही है। शनिवार को भी हवा का रख उत्तरी और उत्तर पूर्वी रहा इससे अधिकतम तापमान में मामूली बढ़त हुई। 28 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ने लगेगा। साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी होने लगेगा।

देश में अगले 48 घंटों में कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे में केरल में बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर भारत के राज्यों में 26 दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिसके चलते कुछ इलाकों में ठीक-ठाक बारिश देखी जा सकती है।