शिकारी देवी के लिए पहली दिसंबर से 31 मार्च तक लोगों के जाने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में रूह कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ने के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाना लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इसको लेकर एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल द्वारा सराज क्षेत्र में सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित विश्वविख्यात माता शिकारी देवी के कपाट पहली दिसंबर से 31 मार्च,2022 तक बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जानकारी देते हुए एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने कहा कि माता शिकारी देवी के दरबार में पहली दिसंबर से 31 मार्च 2022 तक आम नागरिकों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स के आवागमन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।

यह भी देखें : हर बार नहीं मिलते श्रद्धांजलि के नाम पर वोट, जीत के सपने ना बुने कांग्रेस: सीएम जयराम

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भारी बर्फवारी की आशंका के चलते कभी माता शिकारी देवी क्षेत्र में कोई अप्रिय घटना पेश आ सकती है। वहीं क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण पानी की पाइप में भी जम गई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान शिकारी देवी क्षेत्र में जाने पर लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। पारस अग्रवाल ने समस्त लोगों से आदेशों की पालना करने की अपील की है।