कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू : राकेश जंवाल

उमेश भारद्वाज। मंडी
कौल सिंह ठाकुर और कुलदीप सिंह राठौर द्वारा प्रैसवार्ता में कहना कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार से समझौता करते हैं इसके ऊपर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि संपूर्ण देश जानता है  कांग्रेस पार्टी और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वच्छ और ईमानदार छवि के लिए जानी जाती है। पिछली कांग्रेस सरकारों में दिन ब दिन कोई ना कोई घोटाला जरूर सामने आता था और जनता का विश्वास पुरी तरह से लोकतंत्र पर से उठ रहा था। लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद पिछले सात वर्षों में एक भी भ्रष्टाचार की घटना नहीं हुई है। यही कारण है कि जहां एक ओर लोगों का विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी देश भर में अपने अस्तित्व को बचाने में लगी है।
  • कांग्रेस और भ्रष्टाचार का गहरा नाता: जंवाल
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का भ्रष्टाचार से इतना गहरा नाता है कि अपने घोषणा पत्र के पहले पन्ने को इन्होंने केवल भ्रष्टाचार को  समर्पित कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए बड़े गर्व की बात है कि प्रदेश की बागडोर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जैसे ईमानदार व्यक्तित्व के हाथों में है, जिस कारण विश्व पर आए कोरोना संकट में भी प्रदेश के किसी भी परिवार को कोई असुविधा नहीं आने दी गई। उन्होंने कहा कि इस काल में यदि कांग्रेस पार्टी सत्ता में होती तो प्रदेश व जनता की क्या हालत होती इसकी कल्पना करना भी एक बुरे सपने जैसा है। उन्होंने कहा कि ये वही कांग्रेस पार्टी के नेता हैं जिन्होंने कोरोना जैसे वैश्विक संकट के समय जब इन्हें कुछ नहीं मिला तब बारह करोड़ का फर्जी बिल इन्होंने अपने ही पार्टी संगठन को भेज दिया जो बड़ी ही शर्मनाक करने वाली घटना है।
  • विकास के आधार पर भाजपा चला रही सरकार: जंवाल
राकेश जंवाल ने कहा कि पिछले तीन सालों से भारतीय जनता पार्टी विकास आधारित सरकार चला रही है और यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने पिछले सभी लोकसभा से लेकर पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सहयोग किया है और उनके ईमानदार नेतृत्व पर विश्वास किया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों में करारी हार को निकट देखते हुए कांग्रेस पार्टी बेचैन है और और कभी बाली को मंडी का प्रभार देती है, कभी उनसे छीन कर कौल सिंह को तो कभी उनसे छीन कर किसी और को। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने वाला कोई नहीं है और हम नगर निगम चुनावों को बिना किसी भी संघर्ष के भारी बहुमत से जीत रहें हैं।