कांग्रेस की अंतर्कलह आई सामने, राठौर पर बरसे कौल

एस के शर्मा। हमीरपुर

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कौल सिंह ठाकुर ने पीसीसी चीफ कुलदीप सिंह राठौर की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। बुधवार को हमीरपुर पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि राठौर वरिष्ठ नेताओं से सलाह मशवरा के बिना ही काम कर रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि वह अध्यक्ष को पूरा सहयोग देना चाहते थे और अब तक दिया है, लेकिन वह उनसे सलाह लेना ठीक नहीं समझते। इल्जाम लग रहे हैं कि भाजपा के कुछ लोगों को कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश महासचिव तक बना दिया गया है। कांग्रेस में गुटबाजी कोई नईं बात नहीं है। प्रदेश में कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है जिसमें एक गुट कौल सिंह ठाकुर का है।

दूसरा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू का है। वही प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर राजा वीरभद्र के करीबी माने जाते हैं। अब कांग्रेसी नेता कौल सिंह ठाकुर ने सार्वजनिक तौर पर प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष पर सवाल उठाने के साथ ही वह कांग्रेस हाईकमान को नसीहत देने से भी नहीं चूके हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष बनाना और हटाना हाईकमान का काम है उन्होंने कभी भी प्रदेश अध्यक्ष को हटाने अथवा बनाए रखने की बात नहीं कही है।

लेकिन हाईकमान को यह देखना चाहिए कि संगठन में प्रदेश ने किस तरह से कार्य कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष राठौर की कार्यशैली से खुश ना होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष किसी भी वरिष्ठ नेता का सलाह मशवरा नहीं ले रहे हैं। उनको चाहिए था कि वह सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को विश्वास में लेकर कार्य करते लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे हैं। यह उनका मत है बाकी पार्टी हाईकमान जो फैसला करेगी वह ठीक है। आपको बता दें कि पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सूची जारी कर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं विधायकों से प्रेस वार्ता परेड करवाई थी इस सूची में नाम शामिल होने के बावजूद भी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रेस वार्ता नहीं की थी वही अब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर ने भी राठौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।