नालागढ़ में कांग्रेस धरने के बाद जागी प्रदेश सरकार: योगेश्वर राणा

सुरेंद्र सिंह सोनी। नालागढ़
प्रदेश कांग्रेस सचिव योगेश्वर राणा ने बताया कि नालागढ़ ब्लॉक कांग्रेस ने अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को लेकर 48 घण्टें का धरना प्रदर्शन किया था और इस बावत एस.डी.एम. के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा था। कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी थी कि अगर एक महीने के भितर अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पद नहीं भरे गए तो वह सडक़ों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन के बाद सरकार नींद से जागी और नालागढ़ अस्पताल में सर्जन समेत चार डॉक्टर के पद भरने के आदेश जारी कर दिए। प्रैस के नाम जारी ब्यान में योगेश्वर राणा ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय भाजपा नेतृत्व लोगों को घुमराह कर रहा है कि उनके कहने पर ही सरकार ने डॉक्टरों की नियुक्ति की है जबकि यह सरासर गलत है। पिछले साढ़े चार वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है लेकिन आज तक भाजपा के लोग चिकित्सकों की कमी को पूरा नहीं कर पाएं।
अब कांग्रेस के विधायक के नेतृत्व में धरने प्रदर्शन के बाद सरकार ने डॉक्टरों के रिक्त पद भरे है तो भाजपा के लोग इसका श्रेय लेने में लगे हुए है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पंजैहरा में नालागढ़ अस्पताल को 200 बैड करने की घोषणा की गई थी उसे जल्द पूरा किया जाएं। उन्होंने नालागढ़ अस्पताल में चार चिकित्सकों के पद भरने के लिये प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया।