कांग्रेस ने कुटलैहड़ को दिया गोबिंद सागर का अभिशाप, हमने बनाया वरदानः वीरेंद्र कंवर

उज्जवल हिमाचल। ऊना
संपर्क से समर्थन यात्रा के तहत वीरेंद्र कंवर ने बडैहर, तुड़ेटा, तनोह, दुघार व सासण में सुनी जन समस्याएं
 ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि गोबिंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स का सफल ट्रायल प्रदेश सरकार की देन हैं और यहां पर व्यवसायिक गतिविधियां जल्द ही शुरू होने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ पर्यटन विकास सोसाइटी (केटीडीएस) के माध्यम से ओपन टेंडर में पारदर्शी प्रक्रिया अपनी जा रही है और उसी के आधार पर टेंडर आबंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केटीडीएम के माध्यम से एक्प्रैशन ऑफ इंटरस्ट भी जारी किए थे, जिसके आधार पर कुछ कंपनियों ने गोबिंद सागर झील में साहसिक गतिविधियां आयोजित करने को लेकर रुचि दिखाई है। केटीडीएम के अध्यक्ष उपायुक्त ऊना को बनाया गया है।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि गोबिंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के आयोजन में कुटलैहड़वासियों के हक पूरी तरह से सुरक्षित हैं और 40 प्रतिशत हक कुटलैहड़वासियों के लिए रखे गए हैं। झील के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर अवश्य मिलेंगे और गोबिंद सागर झील कुटलैहड़ के लिए वरदान बनेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता आज टेंडर प्रक्रिया को लेकर कुटलैहड़वासियों के हिमायती बनने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कुटलैहड़ के लोग भूले नहीं हैं कि गोबिंद सागर झील एक अभिशाप के रूप में कांग्रेस पार्टी की ही देन है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए झील को रोजगार के साथ जोड़ने की कोई योजना को धरातल पर उतारा। इस योजना के सुखद परिणाम बहुत जल्द सबके सामने आएंगे।
उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को कुटलैहड़ के पर्यटन विकास में अपना योगदान जनता के सामने रखने की चुनौती दी।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पर्यटकों को लुभाने के लिए गोबिंद सागर झील के दोनों ओर के घाट विकसित किए जा रहे हैं। अंदरौली में वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स तथा एथनो बोटेनिकल पार्क बनाया जा रहा है, तो लठियाणी की ओर सोहारी, बंजाल व धबेड़ा को विकसित किया जा रहा है।
लठियाणी की ओर वे-साइड एमिनिटिज़ विकसित करने व पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाएं जुटाने के लिए लगभग 25 करोड़ रुपए की परियोजना को स्वीकृति मिली है, जिसका कार्य अप्रैल माह से आरंभ हो जाएगा।
सितंबर तक फ्री राशन के लिए किया केंद्र का जताया आभार
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब कल्याण योजना का लाभ सितंबर 2022 तक बढ़ाने का निर्णय किया है, जिससे देश के करोड़ों लोगों का लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में गरीबों को फ्री राशन देने के लिए केंद्र सरकार ने अप्रैल 2020 से यह योजना आरंभ की है और इसे 6 महीने के लिए आगे बढ़ाया गया है। जिसके तहत पात्र व्यक्तियों को 5 किग्रा राशन प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में केंद्र सरकार ने 12 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को फ्री में कोविड वैक्सीन लगाई है।
वीरेंद्र कंवर ने संपर्क से समर्थन यात्रा के तहत बडैहर, तुड़ेटा, तनोह, दुघार व सासण में सुनी जन समस्याएं और अधिकारियों को उनके निवारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बडैहर गांव की सड़क सुधार के लिए 23 लाख रुपए स्वीकृत किए। वहीं सासण गांव के लिंक रोड के लिए 28 लाख देने की घोषणा की।
इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री मास्टर रमेश शर्मा, कर्नल केसी शर्मा, प्रधान शकुंतला देवी, सुरेंद्र हटली, पंचायत समिति सदस्य जोगिंदर देव आर्या, बीडीओ यशपाल सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।