वैक्सीन को लेकर कांग्रेस नौटंकी कर जनता को कर रही गुमराह : राकेश शर्मा

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। धर्मशाला

प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने प्रैस को जारी एक ब्यान में जिला कांगड़ा कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजय महाजन द्वारा कोरोना वैक्सीन को लेकर की गई घटिया ब्यान बाजी की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच लोगों को गुमराह तथा भ्रम फैलाने की रही है। उन्होंने कहा गत सप्ताह के दौरान ही जिला कांगड़ा में जिला में 98 प्रतिशत वरिष्ठ नागरिकों को कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है, जिला में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या एक लाख 82317 है, जिनमें से 179473 वरिष्ठ नागरिकों का कोविड टीकाकरण किया गया है।

साथ ही सीनियर सिटीजन टीकाकरण अभियान को प्राथमिकता प्रदान की गई, जिसमें 45 से 59 वर्ष के 2 लाख 8 हजार 904 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सफल प्रयासों से अब प्रदेश में धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण के मामले काफी कम हो रहे हैं तथा पूरा प्रदेश अनलाॅकडाउन की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने सभी आयु वर्ग को अब निःशुल्क टीका लगाने का एलान किया है तथा सभी राज्यों को यह टीका निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा क इसके लिए प्रदेश भाजपा नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करती है। राकेश शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वैक्सीन को लेकर कांग्रेस नौटंकी कर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है, जो पहले वैक्सीन को भाजपा और मोदी वैक्सीन से संबोधित कर रही थी। और तो और, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने वैक्सीन न लगाने तक की घोषणा कर दी थी। कांग्रेस की मंशा शुरू से ही वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न करना रहा है। उन्होंने कहा हकीकत यह है कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस सेवा की बजाए जनता को गुमराह कर
रही है।