कांग्रेस नेताओं के बोल सैनिकों का मनोबल तोड़ रहे : बलदेव

एस के शर्मा । हमीरपुर
भाजपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने कहा कि कई कांग्रेस नेताओं के बोल सैनिकों का मनोबल तोड़ने वाले हैं। उन्होंने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कांग्रेस आखिर तय कर ले कि वह देश के साथ है या देशद्रोहियों के साथ। ज्वाली के पलटू राम नीरज भारती ने देश की सेना, सरकार अौर न्यायपालिका को गाली दी तो प्रदेश और हमीरपुर के कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
लेकिन जब नीरज भारती ने सोशल मीडिया में राहुल गांधी, सुधीर शर्मा, जीएस बाली को गाली दी तो उस समय उन नेताओं ने कहा कि नीरज भारती बीमार है और कांग्रेस के सदस्य नहीं है। उन्होंने कहा कि मौके के हिसाब से रुख बदलना कोई कांग्रेसी नेताओं से सीखे। कांग्रेस में कई पलटू राम हैं।उन्होंने कहा देश के वीर जवान सैनिकों को सरकार के विरुद्ध भड़काने एवं अपनी ड्यूटी न करने के लिए जो उकसाया गया है।
यह बहुत ही निंदनीय एवं जघन्य अपराध है। जहां एक ओर लद्दाख में सैनिकों ने चीन को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया। अगर कोई देश की ओर आंख उठाने का काम करता है तो मुंहतोड़ जवाब मिलता है। यह नया भारत है। आज देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में है। कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। मां, बेटा और बेटी की यह पार्टी सैनिकों का मनोबल गिराने का काम कर रही है तथा  कुछ मौकापरस्त कांग्रेसी नेता इनके साथ हैं।