कांस्टेबल अभिषेक राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन

पुलिस जवानों ने दी सलामी, हर कोई दिखा गमगीन

उज्जवल हिमाचल। जवाली

जिला चंबा के तीसा में हादसे का शिकार हुए कांस्टेबल अभिषेक कुटलैहडिया का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ मिनी हरिद्वार जवाली में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस टुकड़ी ने हवा में फायर दाग कर सलामी दी। मृतक पुलिस जवान अभिषेक कुटलैहडिया के छोटे भाई विनय कुटलैहडिया ने मुखाग्नि दी। मृतक पुलिस जवान का शव शुक्रवार देर रात्रि घर पहुंच गया था।

शुक्रवार को ही परिजनों सहित पंचायतवासी मृतक के घर में पहुंच गए थे तथा परिवार को ढांढस बंधवाते रहे। शनिवार को मृतक जवान के घर में लोगों का हजूम उमड़ आया तथा अभिषेक की मौत से हर कोई गमगीन दिखा। हर किसी की आंख से अश्रुधारा बह उठी। मृतक जवान अभिषेक की माता सुदेश कुमारी बेटे के शव के साथ लिपट कर बेटे को बार-बार जगाने का प्रयास करती रही। माता यही कहती रही कि बेटे अब्बू जल्दी उठ जाओ, मेरा फोन उठाओ, मेरे साथ बात करो।

माता के इन विलापों को सुनकर हर कोई गमगीन हो गया। मृतक जवान के पिता मदन लाल, बहन आकृति व भाई विनय कुटलैहडिया का भी रो-रो कर बुरा हाल हुआ। भाजपा नेता संजय गुलेरिया ने अंतिम संस्कार में भाग लिया तथा शोक संतप्त परिवार के साथ संवेदना प्रकट की। इस मौके पर एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार तारा चंद, डीएसपी विशाल वर्मा, भाजपा नेता संजय गुलेरिया, एएसआई संजीव धामी ने पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी।

संवाददाताः चैन सिंह गुलेरिया

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।