नए पंचायत सामुदायिक भवन के निर्माण काे 60 लाख स्वीकृत : विजय अग्निहोत्री

एमसी शर्मा। नादौन

विकास खंड नादौन में नये पंचायत सामुदायिक केंद्र भवनों के निर्माण, मुरम्मत और रख रखाव हेतु प्रदेश सरकार ने साठ लाख की धनराशि जारी कर दी है। बजट जारी होने पर इन भवनों के निर्माण और रखरखाव कार्य तेज़ी से मुक्कमल किए जाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मैड में नए पंचायत परिसर के निर्माण हेतु 29 लाख 55 हज़ार 581 की धनराशि स्वीकृत की गई है, जबकि कोहला में ग्राम सभा बैठक कक्ष के निर्माण के लिए 9 लाख 98हज़ार 685 रुपए की धनराशि जारी की गई है।

उन्होंने कहा कि धनेटा में ग्रामसभा के कक्ष हेतु 10 लाख की राशि का प्रावधान किया है, जबकि प्रदेश सरकार ने झलाण पंचायत के लिए 9 लाख 95 हज़ार 600 रुपए की धनराशि जारी की है। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पिछले साढ़े तीन वर्षों शानदार कार्य किया है। अर्बन डिवेलपमेंट के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में भी मौजूदा सरकार ने मील का पत्थर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि नादौन क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल खोलकर प्रदेश के खजाने की यहां बरसात की है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय मे इन कार्यों की स्पीड को और तेज किया जाएगा। सड़क, पानी, बिजली और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नया अध्याय लिखा जाएगा। अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं की मजबूती के लिए सरकार उम्दा कार्य कर रही है। सभी पंचायतों को चरणबद्ध तरीके से तकनीकी तौर पर सुदृढ़ करने के लिए सरकार यत्नशील है। निकट भविष्य में सरकार की समस्त योजनाओं और लाभों की जानकारी के लिये पंचायत घरों में सुगम सहायता केंद्र खोले जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सरकारी सुविधाओं के लाभ उनके घर द्वार पर ही उपलब्ध हो सकें।