कोरोना संकट में मोदी सरकार ने गरीबों के लिए खोले अनाज के भंडार : अनुराग

केंद्रीय मंत्री ने 10 करोड़ की सडक़ों के उदघाटन किए, गसोता में गौशाला का किया शिलान्यास

रवि ठाकुर। हमीरपुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि कोरोना संकट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को सशक्त नेतृत्व प्रदान करते हुए इस चुनौती का बखूबी सामना किया है और यही कारण है कि आज भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बन गई है। रविवार को गुलेला में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत लगभग 10 करोड़ की लागत से निर्मित चार सडड़काें के लोकार्पण और गसोता में लगभग 54 लाख की लागत से बनने वाली गौशाला के शिलान्यास के बाद गसोता महादेव मंदिर परिसर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में मोदी सरकार ने गरीबों के लिए अनाज के भंडार खोलकर लगभग 80 करोड़ लोगों को 15 माह तक मुफ्त राशन की व्यवस्था की।

स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट में अढ़ाई गुणा वृद्धि करके लगभग सवा दो लाख करोड़ का प्रावधान किया। इसके अलावा सभी राज्य सरकारों को स्वास्थ्य क्षेत्र में ढांचागत विकास के लिए 23 हजार करोड़ रुपए दिए। इससे हिमाचल प्रदेश सहित सभी राज्य कोरोना से निपटने में सक्षम हुए। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार की मदद के अलावा उन्होंने व्यक्तिगत प्रयासों से भी हिमाचल के लिए 5 पीएसएस ऑक्सीजन प्लांट, एक हजार कंसंट्रेटर्स, लाखों मास्क और सेनिटाइजर्स का प्रबंध करवाया गया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा के लाखों कार्यकर्ता आम जन की मदद के लिए कार्य करते रहे।

अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि मोदी सरकार ने मुफ्त टैस्टिंग एवं उपचार के अलावा प्रत्येक नागरिक के मुफ्त टीकाकरण के लिए भी 35 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। उन्होंने आम लोगों से त्यौहारों और शादियों के सीजन के दौरान विशेष सावधानियां बरतने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सामूहिक प्रयासों के फलस्वरूप ही हिमाचल में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में मेडिकल कालेज, एम्स, हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, पीजीआई सेटेलाइट सेंटर, आईआईआईटी संस्थान और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित किए गए हैं। ऊना-हमीरपुर रेल लाइन भी प्राथमिकता के आधार पर बनाई जाएगी, जिसके लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।

हमीरपुर जिला के विकास की चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगभग 350 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज के नए परिसर का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा तथा अगले माह तक हमीरपुर अस्पताल में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन स्थापित कर दी जाएगी। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा आरंभ किए गए देशव्यापी क्लीन इंडिया अभियान के तहत 15 दिन के भीतर ही 50 लाख किलोग्राम प्लास्टिक का कचरा एकत्रित किया जा चुका है। इस माह के अंत तक पूरे देश में 75 लाख किलोग्राम प्लास्टिक इकट्ठा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस अभियान में अपना अधिक से अधिक योगदान देने की अपील की, ताकि देश को प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, कृषि और पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को बेसहारा पशुओं को आश्रय देने के लिए प्राथमिकता के आधार गौसदनों और गौ अभयारण्यों का निर्माण कर रही है। उन्होंने बताया कि गसोता के गौ सदन का निर्माण तीन माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। सुजानपुर के निकट खैरी में लगभग डेढ़ पशुओं की क्षमता की कऊ सेंक्चुरी बनकर तैयार हो गई तथा यहां बेसहारा पशुओं को वहां शिफ्ट किया जा रहा है। आने वाले समय में जिला में कोई भी बेसहारा पशु सड़काें पर नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि सोलन और सिरमौर जिला को पहले बेसहारा पशु मुक्त बना दिया गया है।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि देसी पहाड़ी गाय के संरक्षण एवं संवद्र्धन के लिए साढे चार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा गाय की अन्य नस्लों के संरक्षण एवं संवद्र्धन के लिए भी ऊना में लगभग साढे़ 47 करोड़ की लागत से आधुनिक केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रखी जा रही है। क्षेत्र की सभी पंचायतों का चहुमुखी विकास प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है। लंबलू में उपतहसील खोली गई है तथा गसोता में लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से 33 केवी विद्युत सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है।

क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 38 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गसोता मंदिर की सराय के लिए 5 लाख स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, कौशल विकास निगम के समन्वयक नवीन शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री हरीश शर्मा, अभयवीर लवली, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश शर्मा, महामंत्री सुरेश सोनी, भाजयुमो नेता अजय रिंटू, महिला मोर्चा अध्यक्ष राजकुमारी, वीना शर्मा, सुमन कपिल, बीडीसी अध्यक्ष रीना देवी, पंचायत प्रधान सुमन पठानिया, मंदिर कमेटी प्रधान दुनी चंद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।