गगरेट नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ पार्षदों ने लाया अविश्वास मत

उज्जवल हिमाचल। गगरेट

नगर पंचायत गगरेट के अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद से लगातार विवादों में रहने वाले वीरेंद्र शर्मा के खिलाफ चार पार्षदों ने अविश्वास मत जिलाधीश ऊना के समक्ष रख दिया है। जानकारी के अनुसार नशामुक्ति केंद्र के बाद विवादों में आए नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से पार्षदों में रोष था। नगर पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद से पार्षद इसे नगर पंचायत अध्यक्ष के पद से हटाना चाहते थे।

लेकिन नियमानुसार एक वर्ष से पहले से संभव नहीं था। अब एक वर्ष पूरा होने के बाद नगर पंचायत के पार्षदों ने एक गुप्त बैठक बुलाकर अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करके एक प्रतिलिपि जिलाधीश को सौंप दी है। अब जिलाधीश ऊना द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष को अपना बहुमत सिद्ध करने का समय दिया जाएगा। सूत्रों की माने तो पिछली नगर पंचायत में उपाध्यक्ष रहे सुरेंद्र सिंह अध्यक्ष बनने की दौड़ में सबसे आगे है और इसके लिए उनके पास पर्याप्त बहुमत भी है।