सुधीर शर्मा पहले कांग्रेस कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार का लगा लेते हिसाब : राकेश शर्मा

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला

जिस पार्टी की बुनियाद ही भ्रष्टाचार पर टिकी हो, जो पार्टी पूरे देश में भ्रष्टाचार की जननी साबित हो चुकी हो उसके नेताओं को भाजपा पर उंगली उठाने से पहले अपनी पार्टी के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार का हिसाब-किताब लगा लेना चाहिए। पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाने से पहले अपनी पार्टी के कार्यकाल में हुए घोटालों और भ्रष्टाचार का अंदाजा लगा लेते तो बेहतर होता। यह शब्द प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने जारी ब्यान में कहे। राकेश शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद से एक ही परिवार पूरी पार्टी पर राज करता आया है और यहां तक कि इस परिवार को पार्टी का प्रमुख बनाए रखने के लिए पार्टी का संविधान तक बदला गया हो, इससे ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। हकीकत में कांग्रेस की इन्हीं नीतियों की वजह से देश में भ्रष्टाचार बढ़ा तथा केंद में नरेंद्र मोदी तथा हिमाचल में जयराम की सरकार बनने के बाद इसे जड़ से हटाया गया है।

राकेश शर्मा ने सुधीर शर्मा पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने से पहले उन्हे कांग्रेस के शासन काल में हुए भ्रष्टाचार का गुणाभाग कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश में जब भी कांग्रेस की सरकार रहे देश-प्रदेश खोखला होता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। भ्रष्टाचार कांग्रेस सरकार की देन है, जबकि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का गठन होते ही भ्रष्टाचार पर नकेल कसी है। प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार व आतंकवाद की रीढ़ तोड़ने के लिए कई एतिहासिक निर्णय लिए जिससे सबसे अधिक नुकसान कांग्रेस पार्टी के भ्रष्ट नेताओं को हुआ है। जिससे बौखलाई कांग्रेस प्रदेश की जयराम सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही है। भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता ने कांग्रेसियों को बैचेन कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब-जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी भ्रष्टाचार भी पनपता रहा।

उन्होंने कहा कांग्रेस राज में अराजकता का माहौल रहा। देश के भीतर आतंकी घटनाएं होती रहीं, कश्मीर में पत्थरबाज सेना को घायल करते रहे, लेकिन ‘हम देख रहे हैं और हम देखेंगे’के जुमले ही चलते रहे। इसी सरकार के समय में देश में किसानों ने सबसे ज्यादा आत्महत्या की। उन्होंने कहा कहा कि देश की अर्थव्यवस्था चौपट करने, विकास ठप करने, आतंकवाद और अलगाववाद को बढ़ावा देने का काम कांग्रेस ने किया। आज विदेश में हमें सम्मान मिलता है, तो इसका बड़ा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उनकी सरकार के समय में गरीबी बढ़ी। जबकि गरीबी हटाओ का नारा जवाहर लाल नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक सभी देते रहे, लेकिन गरीबी दूर नहीं कर पाए। राजीव गांधी स्वयं इस बात से परेशान थे कि ऊपर से 100 रुपये भेजे जाते हैं, लेकिन गरीब तक 10 रुपये पहुंचते हैं, लेकिन वह इसका हल नहीं निकाल पाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन खातों के माध्यम से इसका तोड़ निकाल लिया और आज 100 रुपये भेजे जाते हैं, तो पूरे सीधे लाभार्थी के खाते में जाते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष आतंकी सरगना अजहर मसूद के नाम के आगे जी लगाते हैं। इससे इनके चरित्र का पता चलता है, लेकिन ये भूल जाते हैं कि हम न देख रहे हैं और न देखेंगे, बल्कि घर में घुसकर मारेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक समान प्रदेश में विकास को गति दी है। कोरोना महामारी से लड़ते हुए लोगों की जिंदगियों को बचाने का भरपूर प्रयास जारी है। गरीबों को राशन व अन्य जरूरी वस्तुएं प्रदान की जा रही हैं, परंतु कांग्रेस के नेता इस संकट की घड़ी में भी राजनीति कर लोगों की आंखों में धूल झोंककर सरकार को बदनाम करने के प्रयास में लगे हुए हैं। इस बात को जनता भी भली प्रकार से समझ रही है और समय आने पर जनता ही कांग्रेसी नेताओं को इसका जवाब देगी।