श्रीनगर में शहीद अशोक कुमार की आज पहुंचेगी पार्थिव देह

गगन। धीरा

श्रीनगर के लावेपोरा में वीरवार शाम को सीआरपीएफ  की एक नाका पार्टी पर हुए आतंकी हमले में हिमाचल के कांगड़ा के रहने वाले चालक  अशोक कुमार समेत दो जवान शहीद हो गए। हमले में दो अन्य जवान घायल हैं। शहीद अशोक कुमार शव आज सुलह विधानसभा क्षेत्र के गांव देहरू में पहुंचेगा। शहीद की शहादत का पता लगा तो गांव शोक में डूब गया। शहीद अशोक की पत्नी सुषमा अपने दो बच्चों के साथ पिंजौर में रहती है। जबकि अनय परिवार यहां देहरू में रहता है। पिंजौर से ही शहीद की पत्नी ने पति की शहादत की जानकारी परिवार वालों को दी। अशोक कुमार 2004 में भर्ती हुए थे। एक माह पहले वह घर आए थे। पिता सरवन कुमार ने कहा कि उन्हें बेटे की शहीद होने की सूचना बहू सुषमा से मिली।

दोपहर तक पहुंचेगी पार्थिव देह

शहीद अशोक कुमार अपने पीछे पिता माता सेना देवी , पत्नी सुषमा देवी और एक लडक़ा एक लडक़ी छोड़ गए हैं। अशोक कुमार की शहादत का समाचार मिलने पर समूचे क्षेत्र की जनता शोक ग्रस्त है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शहीद का शव शुक्रवार दोपहर तक उनके पैतृक गांव देहरू में पहुंचने की उम्मीद है

एसडीम धीरा विकास जमवाल ने पुष्टि करते हुए बताया की उन्हें उच्चाधिकारियों से यह जानकारी प्राप्त हुई है तथा शहीद अशोक कुमार की  पार्थिव  देह शुक्रवार दोपहर तक पहुंचने की संभावना है  जिसके पश्चात शहीद का अंतिम संस्कार पूरे सैनिक और राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा, जिसमें पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ शासन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

शहादत पर जताया शोक

अशोक कुमार की शहादत का समाचार मिलने पर स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, एसडीएम धीरा विकास जमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष कैप्टन देशराज शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शहीद के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।