देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय पूर्व धूमल सरकार की देन: डॉ सुकृत सागर

विधायक होशियार सिंह की टिप्पणी पर भाजपा युवा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने दिया जवाब

उज्जवल हिमाचल। देहरा

केंद्रीय विश्वविद्यालय को लेकर देहरा विधायक होशियार सिंह द्वारा की गई टिप्पणियों को लेकर देहरा भाजपा से भाजपा युवा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ सुकृत सागर ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय धूमल सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल के लिए मंजूर हुआ था उस समय हिमाचल सरकार इस को कहीं भी खोल सकती थी, लेकिन सरकार ने इसको हिमाचल के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के देहरा में खोलने का निर्णय लिया, जोकि देहरा के लिए सौभाग्य की बात थी, लेकिन होशियार सिंह को इसमें दिक्कत नजर आ रही है, जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। उस समय शाहपुर में कक्षाएं चलना केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रशासन का निर्णय था और ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि विवि प्रशासन को उस समय धर्मशाला व देहरा में कोई उचित भवन किराए पर नही मिला। डॉ. सुकृत ने कहा कि हमारे सांसद अनुराग ठाकुर व विधायक रविंद्र रवि तथा वरिष्ठ नेता जब केंद्रीय विश्वविद्यालय को देहरा में लाने का संघर्ष कर रहे थे उस समय विधायक मुंबई जैसे शहर में अपनी सुख-सुविधाओं के लिए व्यपार कर रहे थे तो उनको क्या पता केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा में कैसे आया और उसके लिए कितना संघर्ष करना पड़ा।

  • बोले, बिना जमीनी हकीकत जाने प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे विधायक

  • जब भाजपा नेता सीयू को देहरा में लाने का संघर्ष कर रहे थे, तब विधायक मुंबई में अपनी सुख-सुविधाओं के लिए व्यापार कर रहे थे

विधायक ने जिस तरह से प्रदेश की भाजपा सरकार व प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा केंद्र की भाजपा सरकार व केंद्रीय मंत्री के खिलाफ बोला वह उनकी श्रेय लेने की घटिया राजनीति का नतीजा है। विधायक का सरकार से यह पूछना की देहरा में जब जमीन ट्रांसफर हो चुकी है तो देहरा में काम क्यों शुरू नहीं हो रहा है प्रदेश सरकार पर कटाक्ष है, जबकि मुख्यमंत्री ने यह साफ कर दिया था कि विवि का प्रशासन बोलता है कि उनको दोनों जगह एक साथ काम शुरू करना है दूसरा जब मुख्यमंत्री ने कल ही साफ कर दिया था कि उन्होंने जिला प्रशासन को देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम जमीन का तबादला करने के लिए बोल दिया है तो विधायक का बार-बार इस तरह से सबाल पूछना ओछी राजनीति का हिस्सा है। विधायक एक तरफ तो मुख्यमंत्री को अपना मार्गदर्शक मानते है और दूसरी तरफ उनका ऐसे सरकार पर हमला करना उनके दोहरी मानसिकता व दोहरे व्यवहार को दर्शाता है जोकि राजनीतिक तथा सामाजिक तौर पर अशोभनीय है।

डॉ. सुकृत ने कहा कि विधायक का केंद्र की मोदी सरकार व मोदी सरकार के मंत्रियों पर यूं गलत बयानबाजी करना सरासर गलत है, जिसको आगे से देहरा भाजपा कतई बर्दाश्त नही करेगी। अगर देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय की कक्षाएं चल रही हैं और देहरा में विद्यार्थी व विवि का स्टाफ रह रहा है, जिसकी वजह से स्थानीय लोगो को रोजगार मिल रहा है। लोगो के कमरे किराए पर चढ़ रहे है, लेकिन विधायक महोदय को यह लूट लग रही है उनका देहरा के लोगों को लुटेरा कहना अशोभनीय है।